धनिया का सेवन: पाचन से लेकर थायराइड तक फायदेमंद

Summary :

मधुमेह और पाचन में धनिया के चमत्कारी लाभ

स्वाद को बढ़ाने और स्वास्थ्य को संवारने वाली कोमल पत्तियां रसोई में न हों तो लाख मसाले डाल लें, खाने में जादुई स्वाद नहीं आ पाता। जी हां! हम बात कर रहे हैं खुशबू देने वाले धनिया की, जो औषधीय गुणों से भरपूर है। आयुर्वेदाचार्य बताते हैं कि धनिया की पत्ती हो या बीज, उसके सेवन से अनगिनत फायदे मिलते हैं।

दही बड़ा, चटनी या कोई और व्यंजन स्वाद बढ़ाने में धनिया का अहम रोल है।

आयुर्वेदाचार्य और पंजाब स्थित ‘बाबे के आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल’ के डॉ. प्रमोद आनंद तिवारी ने बताया कि धनिया में औषधीय गुण होते हैं, जो कई तरह से सेहत को लाभ पहुंचाते हैं। इसके सेवन से माइग्रेन, सिरदर्द, अत्यधिक प्यास, थायराइड, मधुमेह, कोलेस्ट्रॉल, फैटी लीवर, अपच के साथ ही हार्मोनल असंतुलन जैसी समस्याओं में भी राहत मिलती है।

आयुर्वेदाचार्य ने बताया, “धनिया शरीर के भीतरी अंगों की सफाई करता है यानी यह डिटॉक्स के रूप में काम करता है। धनिया के सेवन से कई रोगों का शमन होता है। इसके सेवन से वात, पित्त और कफ दोष भी खत्म होते हैं और रोगी को राहत मिलती है।”

उन्होंने बताया, “धनिया के सेवन से मधुमेह और पाचन संबंधी समस्याओं में राहत मिलती है। धनिया की चाय भी बनाकर पी सकते हैं। इसमें सौंफ और भूना जीरा डालकर पकाने और उसके सेवन से यह आराम देता है। थायराइड में भी धनिया का सेवन लाभकारी होता है। इसके लिए पिसा हुआ धनिया एक गिलास पानी में रात भर के लिए भिगोकर रख दें और सुबह इसे तब तक उबालें, जब तक यह आधा न हो जाए। इसके बाद छानकर पी लें।”

आयुर्वेदाचार्य ने यह भी बताया कि धनिया पाचन तंत्र के लिए लाभकारी है और उसे भला चंगा रखता है। अपच, एसिडिटी, जलन और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत पाने के लिए धनिया को पीसकर पानी में मिला लें और रात भर के लिए रख दें। अगली सुबह इसे छानकर थोड़ी सी मिश्री मिला लें और खाली पेट इसका सेवन करें।

Healthy Lifestyle के लिए अपनाएं ये अच्छी आदतें

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.