चंडीगढ़, 24 अगस्त (आईएएनएस)। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियारों और नशा तस्करी से जुड़े तीन अलग-अलग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9 अवैध पिस्तौल और 6.311 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी कथित तौर पर विदेशों में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। इन हैंडलरों के निर्देश पर आरोपियों को अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप उपलब्ध कराई जाती थी, जिसके बाद आगे सप्लाई किया जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी हुई है।
इस संबंध में अमृतसर के थाना कैंट और थाना छेहरटा में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच का मुख्य उद्देश्य इस नेटवर्क से जुड़े सभी लिंक का पता लगाना है। इसके साथ ही उन अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है, जो हथियारों और नशे की तस्करी के इस अवैध कारोबार में किसी भी रूप में शामिल हो सकते हैं।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बरामद की गई हेरोइन और हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। जांच एजेंसियां विदेशी हैंडलरों और स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेटवर्क के बीच संबंधों की भी जांच कर रही हैं।
पंजाब पुलिस की ओर से कहा गया है कि राज्य में सीमा पार से होने वाली ड्रग्स और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना है, ताकि नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को तोड़ा जा सके।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस मामले में जांच अभी जारी है और आने वाले समय में नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा और बरामदगी होने की संभावना है। पुलिस का कहना है कि पंजाब को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने के लिए अवैध हथियारों और ड्रग तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
–आईएएनएस
एसएचके/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



