नागपुर में क्लोरिन गैस लीक से मचा हड़कंप, सांस लेने में दिक्कत के बाद 40 लोग अस्पताल में भर्ती, 200 मीटर इलाका सील!

Summary :

Nagpur Chlorine Gas Leak: नागपुर के गोधनी इलाके में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से क्लोरिन गैस लीक होने के बाद हड़कंप मच गया। गैस के असर से करीब 40 लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने एहतियातन 200 मीटर क्षेत्र खाली करा दिया है। सभी मरीजों की हालत खतरे से बाहर है।

Nagpur Chlorine Gas Leak: महाराष्ट्र के नागपुर से हैरान कर देने  वाला मामला सामने आया है। यहां  क्लोरिन गैस लीक होने से देर रात अफरा-तफरी मच गई। दरअसल, गोधनी इलाके में स्थित एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से गैस का रिसाव होने के बाद आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। घटना के बाद करीब 40 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना नागपुर के मनकापुर थाना क्षेत्र के गोधनी इलाके की है। यहां एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट मौजूद है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे अचानक प्लांट से क्लोरिन गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस आसपास के इलाकों में फैलने लगी। प्लांट के पास बने घरों में रहने वाले लोगों को अचानक सांस लेने में परेशानी महसूस हुई। शुरुआत में लोगों को समझ नहीं आया कि आखिर परेशानी की वजह क्या है। जब कई लोगों ने एक साथ सांस लेने में दिक्कत की शिकायत की तो इलाके में हड़कंप मच गया।

40 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। कुछ ही समय में पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारियों और एनडीआरएफ की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। गैस के असर के कारण सांस लेने में परेशानी की शिकायत करने वाले करीब 40 लोगों को अस्पताल ले जाया गया। सभी को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है और उनका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी की हालत गंभीर नहीं बताई गई है।

गैस रिसाव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्लांट के आसपास 200 मीटर के क्षेत्र को नो-एंट्री जोन घोषित कर दिया। इस इलाके में रहने वाले लोगों को उनके घरों से बाहर निकाल दिया गया है। पुलिस ने लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी है, ताकि गैस के संपर्क में आने का खतरा कम किया जा सके। मनकापुर थाने के SI हरेश कालसेकर ने बताया कि गोधनी प्लांट के 200 मीटर के दायरे में आने वाले सभी घरों को खाली करा लिया गया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

NDRF और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर

गैस रिसाव को रोकने के लिए फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमें लगातार काम कर रही हैं। टीमों की ओर से रिसाव के स्रोत को नियंत्रित करने और इलाके को सुरक्षित बनाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं।

यह भी पढ़ें: शिलांग में हुई हिंसा के बाद मेघालय के सीएम कॉनराड संगमा बोले-‘असम-मेघालय सीमा पर हालात सामान्य’

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।