पटना, 24 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने छात्र आंदोलन और चीनी की बढ़ती कीमतों पर प्रतिक्रिया दी है। 25 अगस्त को तेजस्वी यादव के सड़क पर उतरने के ऐलान पर कटाक्ष करते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव को छात्रों की नहीं, अपनी चिंता है और वे बच्चों के भविष्य को बर्बाद करने के लिए उन्हें सड़कों पर उतार रहे हैं। उन्होंने छात्रों से ऐसे नेताओं के झांसे में न आने की अपील की और कहा कि सरकार रोजगार को लेकर गंभीर है और देश में सबसे ज्यादा सरकारी नियुक्तियां बिहार में ही हुई हैं।
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने 25 अगस्त को सड़कों पर उतरने का ऐलान किया। इसे लेकर राजद नेता पर तंज कसते हुए ग्रामीण विकास और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार ने कहा, “वो छात्र के लिए नहीं, अपने लिए चिंता में है। राज्य के छात्रों, बेरोजगारों और नौजवानों की जो भी समस्या है, उसके प्रति सरकार गंभीर है और सरकार एक-एक सवालों का हल निकाल रही है। ये जो राजनीतिक दलों के नेतागण हैं, वो बेचैन हैं। बच्चों के भविष्य को बर्बाद करने के लिए उनको सड़कों पर उतार रहे हैं।”
उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा, “मैं बच्चों से अपील करता हूं कि इनके झांसे में न पड़ें। रविवार को भी रोजगार का काम मुख्यमंत्री के कर कमलों से हुआ है। हर विभाग नियुक्तियां कर रहा है। यह देश का पहला राज्य बिहार है, जहां सबसे ज्यादा सरकारी नौकरियों में नियुक्ति की गई है। रोजगार के क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर काम हो रहा है।”
श्रवण कुमार ने कहा कि इस तरह की गड़बड़ी का संदेह कहीं भी नजर आ रहा है तो सरकार जांच कर रही है। जो लोग इसमें संलिप्त होंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चीनी समेत कई चीजों के दाम बढ़ रहे हैं। कीमत घटती-बढ़ती रहती है। हमारे गन्ना-उत्पादक किसानों का ध्यान रखना जरूरी है। चीनी की ब्लैक मार्केटिंग करने वालों के खिलाफ सरकार ने निर्देश दिया है कि कोई भी जमाखोरी न करे। इन लोगों पर सरकार पूरी तरह से नजर बनाए हुए है।
वहीं, जन जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर कहा कि सरकार को महंगाई पर लगाम लगाना चाहिए। गरीब आदमी परेशान है।
–आईएएनएस
केके/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



