ग्रेटर नोएडा, 20 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-1 में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ऐस सिटी के पास स्थित एक फिटनेस जिम में अचानक भीषण आग लग गई। आग जिम की दूसरी मंजिल पर लगी थी। देखते ही देखते पूरे जिम में धुआं भर गया और अंदर मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की सूचना मिलते ही गौतमबुद्धनगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) के नेतृत्व में फायर सर्विस यूनिट मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तत्काल हौज पाइप बिछाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
जिम में धुआं अधिक भर जाने के कारण अंदर फंसे लोगों को निकालना चुनौतीपूर्ण था। स्थिति को देखते हुए दमकल कर्मियों ने बीए सेट (ब्रीदिंग अपेरटस) पहनकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दमकल विभाग के जवानों ने छत पर फंसे पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते सभी लोगों को रेस्क्यू कर लिए जाने के कारण हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद दमकल टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पाने का अभियान जारी रखा।
जिम में धुआं इतना ज्यादा था कि सामान्य तरीके से अंदर जाकर आग बुझाना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद क्रेन की मदद से जिम के शीशे तोड़े गए, ताकि अंदर जमा धुएं को बाहर निकाला जा सके और दमकल कर्मियों को आग बुझाने में आसानी हो। विभाग की करीब पांच दमकल गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। रेस्क्यू और वेंटिलेशन की कार्रवाई के दौरान गौतमबुद्धनगर के सीएफओ को भी सामान्य चोट लग गई।
बताया गया कि शीशा तोड़ने और वेंटिलेशन की प्रक्रिया के दौरान उन्हें चोट आई। घटना के बाद जिम और आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है।
दमकल विभाग और पुलिस की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर आग लगने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। दमकल विभाग के अनुसार, घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। समय रहते जिम में मौजूद सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद मौके पर राहत और जांच से जुड़ी अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र के सेक्टर-1 की है।
–आईएएनएस
पीकेटी/एसके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



