खड़गपुर-भद्रक रेल परियोजना को मिली मंजूरी, सुवेंदु अधिकारी बोले-क्षेत्रीय विकास को मिलेगा बढ़ावा

Summary :

कोलकाता, 20 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने गुरुवार को राज्य के खड़गपुर को पड़ोसी राज्य ओडिशा के भद्रक से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण रेलवे लाइन परियोजना को मंजूरी दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। सुवेंदु अधिकारी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली केंद्रीय कैबिनेट का खड़गपुर-भद्रक (रानीताल) चौथी रेलवे लाइन प्रोजेक्ट को मंजूरी देने के लिए दिल से आभार व्यक्त करता हूं।” मुख्यमंत्री के अनुसार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा को जोड़ने वाली 173 किलोमीटर लंबी यह रेलवे लाइन एक बड़ी मल्टी-ट्रैकिंग पहल है, जो क्षेत्रीय रेल…

कोलकाता, 20 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने गुरुवार को राज्य के खड़गपुर को पड़ोसी राज्य ओडिशा के भद्रक से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण रेलवे लाइन परियोजना को मंजूरी दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

सुवेंदु अधिकारी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली केंद्रीय कैबिनेट का खड़गपुर-भद्रक (रानीताल) चौथी रेलवे लाइन प्रोजेक्ट को मंजूरी देने के लिए दिल से आभार व्यक्त करता हूं।”

मुख्यमंत्री के अनुसार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा को जोड़ने वाली 173 किलोमीटर लंबी यह रेलवे लाइन एक बड़ी मल्टी-ट्रैकिंग पहल है, जो क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को काफी बेहतर बनाएगी और महत्वपूर्ण पूर्वी तटीय कॉरिडोर को मजबूत करेगी। यह पहल व्यस्त खड़गपुर रूट पर महत्वपूर्ण कॉरिडोर में भीड़ कम करेगी और ट्रैक की क्षमता बढ़ाएगी, जिससे यात्री ट्रेनों का संचालन ज्यादा सुचारू, तेज और समय पर हो सकेगा।

मुख्यमंत्री ने लिखा, “यह माल ढुलाई (फ्रेट लॉजिस्टिक्स) के लिए भी एक बड़ा बढ़ावा साबित होगा, क्योंकि इससे स्टील, कोयला, लौह अयस्क, सीमेंट, ऑटोमोबाइल, कंटेनर और अनाज जैसी जरूरी चीजों के परिवहन की क्षमता बढ़ेगी।”

इस महत्वपूर्ण रेलवे लाइन के बनने से स्थानीय उद्योगों, एमएसएमई और बंदरगाहों को फायदा होगा और वे सशक्त होंगे। पश्चिम बंगाल और पड़ोसी पूर्वी राज्यों के बीच भरोसेमंद और कुशल सप्लाई चेन कनेक्टिविटी औद्योगिक विकास के लिए एक उत्प्रेरक का काम करेगी।

मुख्यमंत्री ने लिखा, “आखिर में, इससे हाईवे पर माल ढुलाई की भीड़ कम करने में भी मदद मिलेगी। बुनियादी ढांचे का विकास तरक्की के लिए जरूरी है। हम रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में उठाए गए इस कदम का स्वागत करते हैं और पश्चिम बंगाल के लोगों के फायदे के लिए इसके तेजी से और बिना किसी रुकावट के पूरा होने की उम्मीद करते हैं।”

भाजपा के राज्य नेतृत्व की ओर से दावा किया गया कि रेलवे लाइन प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलना राज्य में नई “डबल-इंजन सरकार” के सकारात्मक नतीजों का एक और उदाहरण है। भाजपा की राज्य समिति के एक सदस्य ने कहा, “ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने अपनी सारी कोशिशें केंद्र सरकार से झगड़ने में बर्बाद कर दीं, लेकिन हमारी नई सरकार राज्य में सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए केंद्र के साथ लगातार सहयोग कर रही है।”

–आईएएनएस

एसडी/वीसी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.