उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में शीत लहर की वापसी, दिल्ली आने वालीं 23 ट्रेनें लेट

Summary :

उत्तर प्रदेश, दिल्ली,बिहार समेत उत्तर भारत में बारिश होने के बाद ठंड काफी बढ़ गई है। लखनऊ लखनऊ व उसके आस-पास के इलाकों में सुबह से धुंध छाई हुई है।

उत्तर प्रदेश, दिल्ली,बिहार समेत उत्तर भारत में बारिश होने के बाद ठंड काफी बढ़ गई है। लखनऊ व उसके आस-पास के इलाकों में सुबह से धुंध छाई हुई है। आज से हवा का रुख बदलेगा। वहीं, सुबह-शाम के वक्त गलन में इजाफा होगा। शुक्रवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित उत्तर भारत में गुरुवार को तापमान में गिरावट के साथ ही सर्दी के एक बार फिर जोर पकड़ने के मद्देनजर मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश तथा राजस्थान के पश्चिमी और पूर्वी इलाकों में कुछ स्थानों पर शीतलहर की चेतावनी जारी की है।
 मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी-पूर्वी के बजाय अब उत्तरी-पश्चिमी हवा चलेगी, जिससे गलन भरी ठंड बढ़ जाएगी। वहीं अब बारिश के आसार नहीं हैं। विभाग के अनुसार पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी की वजह से वहां से आ रही ठंडी हवाएं तापमान गिरा सकती हैं। पछुआ हवाओं के जोर पकड़ने से प्रदेश में गलन में बढ़ोतरी होगी। 

प्रियंका गांधी आज वाराणसी दौरे पर, CAA प्रदर्शन में गिरफ्तार छात्रों से करेंगी मुलाकात

शुक्रवार को कानपुर का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस, आगरा का 6 डिग्री, बहराइच का 5 डिग्री, प्रयागराज का 7.9 डिग्री, वाराणसी का 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से तीन डिग्री कम था जबकि न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 
दिल्ली आने वालीं 23 ट्रेनें लेट 
दिल्ली आ रहीं 23 ट्रेनें आज फिर देर से पहुंच रही हैं। बताया गया है कि ट्रेनें एक से साढ़े तीन घंटे तक लेट हैं। रेलवे के मुताबिक, ट्रेनों के देर से आने की मुख्य वजह कोहरा और ठंड है। दिल्ली आ रही कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस सबसे अधिक साढ़े तीन घंटे की देरी से स्टेशन पहुंच रही है, जबकि मुजफ्फरपुर-आनन्द विहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से दिल्ली पहुंच रही है । इसके अलावा गोरखपुर-आनन्द विहार हमसफर एक्सप्रेस, पुरी-नई दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस और गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस ढाई घंटे की देरी से दिल्ली आ रही हैं । 
दरभंगा-नई दिल्ली सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस एक घंटे तीस मिनट, डिब्रूगढ़-नई दिल्ली ब्रह्मपुत्र मेल, बरौनी-नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस, वास्को-निजामुद्दीन गोवा एक्सप्रेस और मुम्बई-अमृतसर दादर एक्सप्रेस भी ढाई घंटे देरी से दिल्ली पहुंच रही हैं। 

Desk Team