पटना, 28 जनवरी (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस को अछूत पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि आज की तारीख में कांग्रेस की विश्वसनीयता पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। कोई भी राजनीतिक दल उस पर विश्वास करने की जहमत नहीं उठा रही है। अन्य पार्टियों को इसी बात का डर है कि कहीं अगर वो उस पार्टी के साथ हाथ मिलाएगी, तो उसकी नैया भी डूब जाएगी।
उन्होंने बुधवार को आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जिस तरह की कीमत बिहार में राजद को कांग्रेस के साथ हाथ मिलाकर चुकानी पड़ी है, ठीक वैसी ही कीमत डीएमके को भी चुकानी पड़ सकती है। यही कारण है कि डीएमके मौजूदा समय में कांग्रेस पर विश्वास करने से परहेज कर रही है। कांग्रेस जनता के बीच भरोसे लायक पार्टी नहीं रही। इस पार्टी ने लोगों के बीच में अपना विश्वास खो दिया है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को हार का मुंह देखना होगा। उन्हें हारने से कोई नहीं रोक सकता है। ममता बनर्जी को हार का डर है। इसी वजह से वो अब संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रही हैं। लेकिन, इसे भारतीय राजनीति में किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव अब बोलने भी लगे हैं, मुझे इसकी जानकारी नहीं थी। तेजस्वी यादव अपने घर से बाहर निकलकर प्रदेश की जनता की सुध लेने की भी जहमत नहीं उठाते हैं। जब तक वो अपने घर से बाहर नहीं निकलेंगे, तब तक उन्हें इस बात के बारे में कैसे पता चलेगा कि प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति कैसी है। तेजस्वी यादव की कार्यशैली से यह साफ जाहिर होता है कि उन्हें प्रदेश की जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार में कानून का शासन है, जहां कहीं पर भी आपराधिक कृत्य होंगे, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। हम प्रदेश में हर हाल में कानून का शासन स्थापित करने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं। कानून के साथ किसी भी प्रकार का मजाक हम स्वीकार नहीं कर सकते हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि राजद में मौजूदा स्थिति बिल्कुल भी ठीक नहीं है। पार्टी में फूट की स्थिति बनी हुई है। जब से तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है, तब से पार्टी में फूट और ज्यादा प्रबल हो चुकी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार समृद्धि यात्रा निकाल रहे हैं। इसके तहत हम लोगों को सामाजिक रूप से समृद्ध करने की कोशिश कर रहे हैं।
–आईएएनएस
एसएचके/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



