राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को बड़ा फेर-बदल करते हुए मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को उत्तर प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त कर दिया। उन्होंने इसके अलावा पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, बिहार और नागालैंड में भी नए राज्यपाल नियुक्त किए।
राष्ट्रपति भवन ने अधिसूचना जारी करते हुए कहा, भारत के राष्ट्रपति ने निम्न नियुक्तियां करते हुए खुशी जाहिर की है। मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का स्थानांतरण कर उन्हें उत्तर प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त कर दिया गया है।आनंदीबेन पटेल के स्थान पर लाल जी टंडन को लाया गया है, जो बिहार के राज्यपाल थे। बिहार के राज्यपाल के तौर पर लाल जी टंडन के स्थान पर फागु चौहान को नियुक्त किया गया है।
इनके अलावा राष्ट्रपति ने जगदीप धनकर को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल तथा रमेश बैस को त्रिपुरा का राज्यपाल नियुक्त किया है। सरकार के प्रतिनिधि और नागा शांति वार्ता के वार्ताकार आर.एन. रवि को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
जानकारी के लिए बता दें कि यह सभी नियुक्तियां उन तारीखों से प्रभावी हो जाएंगी, जब यह सभी नए बने राज्यपाल अपने संबंधित कार्यालयों में जाकर अपना- अपना पदभार ग्रहण करेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले राष्ट्रपति ने 15 जुलाई को हिमाचल प्रदेश और गुरजात के नए राज्यपालों की नियुक्ति की थी। राष्ट्रपति ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को गुजरात का राज्यपाल नियुक्त किया था। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्रा को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया था।


Download Android App
Download iOS App



