नई दिल्ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के पूर्वी इलाके मयूर विहार स्थित एक स्कूल में नौ साल की बच्ची की अचानक गिरने के बाद मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, बच्ची को अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह घटना पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल में हुई। अधिकारियों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9:52 बजे पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए घटना की सूचना मिली। कॉल में बताया गया कि बच्ची को निर्माण विहार स्थित एक अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसे ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया गया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के दौरान कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में कथित तौर पर बच्ची अचानक जमीन पर गिरती हुई दिखाई दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्ची की मौत के पीछे चिकित्सकीय कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले में किसी तरह की गड़बड़ी या आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। बच्ची के माता-पिता और स्कूल प्रशासन के बयान दर्ज किए जाने हैं। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले महीने भी पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके स्थित सर्वोदय बाल/बालिका विद्यालय में कक्षा 12वीं की एक छात्रा की मौत का मामला सामने आया था। आरोप था कि छात्रा ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी। स्कूल परिसर में गार्ड रूम के पीछे छात्रा का जला हुआ शव मिलने से शिक्षकों और विद्यार्थियों में अफरा-तफरी मच गई थी। इसके बाद अधिकारियों ने घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू की थी।
अधिकारियों के मुताबिक, स्कूल से आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) को कॉल किया गया था। सूचना मिलते ही कृष्णा नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, जहां स्कूल के गार्ड रूम के पीछे करीब 18 वर्षीय कक्षा 12वीं की छात्रा जली हुई अवस्था में मिली थी। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच के दौरान घटनास्थल और मृतका के स्कूल बैग से कुछ सामग्री बरामद की गई थी। इन सामग्रियों की जांच की जा रही थी।
–आईएएनएस
डीएससी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



