कांग्रेस संगठन में शीर्ष स्तर पर परिवारवाद बरकरार रहने का आरोप लगाते हुए भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के अंतरिम कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर सोमवार को क्रिकेट की शब्दावली में तंज किया। विजयवर्गीय ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘राहुल (गांधी) आउट हुए, तो नयी बल्लेबाज के रूप में सोनिया आ गयीं और प्रियंका (गांधी वाड्रा) क्रिकेट पैड बांधकर बैठीं हैं।
ऐसा लगता है कि कांग्रेस अध्यक्ष का पद गांधी परिवार से बाहर जा ही नहीं सकता।’ उन्होंने कहा कि सोनिया को अंतरिम कांग्रेस अध्यक्ष बनाने के मामले में ‘नौटंकी’ की गयी और इस नियुक्ति से पहले करीब डेढ़ महीने तक आम लोगों के बीच संदेश गया कि पार्टी अध्यक्ष पद से राहुल के इस्तीफे के बाद कांग्रेस अपना नया प्रमुख नहीं ढूंढ पा रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान द्वारा जवाहरलाल नेहरू को ‘‘अपराधी’’ कहे जाने पर पलटवार करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने हालिया बयान में कहा है कि ‘शिवराज देश के प्रथम प्रधानमंत्री के पैरों की धूल के बराबर भी नहीं हैं।’ इस बयान को लेकर दिग्विजय पर हमला बोलते हुए विजयवर्गीय ने कहा, ‘दिग्विजय जानते हैं कि देश में शिवराज के मुकाबले उनकी क्या स्थिति है। शिवराज विजेता हैं, जबकि दिग्विजय हारे हुए नेता हैं।’


Download Android App
Download iOS App



