कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के इस्तीफे पर अड़े होने की पृष्ठभूमि में पार्टी के विधि विभाग के प्रमुख विवेक तन्खा ने बृहस्पतिवार रात अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
उन्होंने कहा कि सभी नेताओं को अपने पद छोड़ देने चाहिए ताकि राहुल गांधी अपनी नई टीम बना सकें।
तन्खा ने ट्वीट कर कहा, ”हम सभी को पार्टी पदों से इस्तीफा दे देना चाहिए और राहुल जी अपनी टीम चुनने के लिए छूट देनी चाहिए। मैं इस संदर्भ में कमल नाथ के बयान का स्वागत करता हूं।”
उन्होंने कहा, ”मैं कांग्रेस के विधि, आरटीआई एवं एचआर विभाग के प्रमुख पद से इस्तीफा देता हूँ। पार्टी लंबे समय तक गतिरोध नहीं झेल सकती।”
तन्खा ने कहा, ”राहुल जी, कृपया पार्टी में नयी जान फूंकने के लिए व्यापक बदलाव करिये। आपके भीतर प्रतिबद्धता और लगन है। मैं हर परिस्थिति में आपके साथ हूँ।”
उनका इस्तीफा उस वक्त हुआ है जब गांधी इस्तीफे की पेशकश पर अड़े हुए हैं।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद 25 मई को हुई पार्टी कार्य समिति की बैठक में राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की थी। हालांकि कार्य समिति के सदस्यों ने उनकी पेशकश को खारिज करते हुए उन्हें आमूलचूल बदलाव के लिए अधिकृत किया था।
इसके बाद से गांधी लगातार इस्तीफे की पेशकश पर अड़े हुए हैं। हालांकि पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनसे आग्रह किया है कि वह कांग्रेस का नेतृत्व करते रहें।


Download Android App
Download iOS App



