केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बुधवार को हज 2019 के लिए दिल्ली से जाने वाले हज यात्रियों के पहले जत्थे को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना किया। नकवी ने हज यात्रियों को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर दिल्ली के राजस्व एवं परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत, खाद्य मंत्री इमरान हुसैन, सांसद संजय सिंह, हज कमेटी ऑफ़ इंडिया के कार्यवाहक प्रमुख शेख जिन्नाह नबी और कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।
दिल्ली से रवाना होने वाली पहली उड़ान से कुल 419 हज यात्री हज पर गए हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, आगरा, मेरठ, रामपुर एवं बुलंदशहर के हज यात्री शामिल हैं। इन हज यात्रियों में 202 महिलाएं भी शामिल हैं। नकवी ने कहा, ‘‘ इस साल दो लाख भारतीय मुसलमान बिना किसी सब्सिडी के हज यात्रा करेंगे। हमारी ईमानदार-पारदर्शी व्यवस्था का नतीजा है कि सब्सिडी ख़त्म होने के बाद भी हज यात्रियों पर गैर जरुरी बोझ नहीं पड़ने पाया और देश के इतिहास में सबसे ज्यादा भारतीय मुसलमान इस वर्ष हज यात्रा पर जाएंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘देश भर के 21 हवाई अड्डों से 500 से ज्यादा उड़ानों के जरिये भारतीय मुसलमान इस वर्ष हज पर जाएंगे। चार जुलाई को दिल्ली, गया, गुवाहाटी, श्रीनगर से उड़ानें जाना शुरू होंगी। दिल्ली हवाई अड्डे से दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, हरयाणा, उत्तराखंड, जम्मू और कश्मीर, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश के हज यात्री जाएंगे।’’


Download Android App
Download iOS App



