भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा, कर्नाटक में अनुचित तरीके अपनाकर पद छोड़ने के लिए विधायकों पर ‘दबाव’’ बना रही है। राज्य में कांग्रेस-जनता दल (एस) के कई विधायकों के इस्तीफे के बाद गठबंधन सरकार संकट का सामना कर रही है ।
भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के समर्थकों ने अपने कार्यालय से संसद भवन की ओर रायसीना रोड पर मार्च किया। पुलिस ने बीच में ही उन्हें रोक दिया। आईवाईसी ने आरोप लगाया कि भाजपा कर्नाटक में खरीद-फरोख्त में लिप्त है। युवा कांग्रेस के प्रवक्ता अमरीश रंजन पांडे ने बताया कि संगठन के उपाध्यक्ष श्रीनिवास बीवी की अगुवाई में संगठन के कार्यकर्ताओं ने संसद की तरफ बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
इस मौके पर श्रीनिवास ने कहा, ‘‘कर्नाटक में भाजपा, विधायकों की खरीद-फरोख्त कर रही है। यह पूरी तरह से अलोकतांत्रिक कृत्य है जिसके खिलाफ हम सड़क पर उतरे हैं।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा लोकतंत्र का गला घोंट रही है । वह खरीद फरोख्त का अलोकतांत्रिक तरीका अपना रही है।’’ पांडे ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र के मौजूदा दौर को काले अध्याय के तौर पर देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आईवाईसी की संबंधित राज्य इकाइयां देश भर में दिल्ली की तरह प्रदर्शन करेंगी।


Download Android App
Download iOS App



