लोकसभा में बसपा के एक सदस्य ने कर्नाटक और मध्य प्रदेश में कुछ विधायकों के एक दल से दूसरे दल में जाने के मद्देनजर दल बदल कानून में संशोधन की मांग की।
बसपा के दानिश अली ने शून्यकाल में इस विषय को उठाया और कहा कि दल बदल कानून का दुरुपयोग हो रहा है और यह एक दल का मामला नहीं है। सभी इससे प्रभावित होते हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार से इस संबंध में संशोधन विधेयक लाकर पार्टी बदलने वाले सदस्यों की सदस्यता तत्काल समाप्त किये जाने संबंधी प्रावधान लाने की मांग की।
शून्यकाल में ही भाजपा के गौतम गंभीर ने देश में खासकर दिल्ली में वायु प्रदूषण के विषय को उठाते हुए सरकार से कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पूर्वी दिल्ली स्थित गाजीपुर लैंडफिल की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए ठोस कचरा निस्तारण के लिए केंद्र सरकार से मदद की मांग की।
भाजपा की रक्षा खडसे ने कहा कि लेवा पाटीदार जाति के लोग महाराष्ट्र और केंद्र दोनों जगह अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की सूची में आते हैं, लेकिन दोनों जगह लेवा शब्द की अंग्रेजी स्पैलिंग अलग अलग होने की वजह से महाराष्ट्र के इस वर्ग के बच्चों को केंद्र में लाभ नहीं मिल पाते। उन्होंने सरकार से इस संबंध में ध्यान देने की मांग की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि यह गंभीर विषय है, सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



