वायनाड से निर्वाचित हुए राहुल गांधी ने ली लोकसभा सदस्यता की शपथ

Summary :

शपथ लेने के लिए जब राहुल गांधी का नाम पुकारा गया तो सोनिया सहित कांग्रेस नेताओं एवं सदस्यों ने मेजें थपथपाकर उनका स्वागत किया।

कांग्रेस अध्यक्ष एवं केरल के वायनाड से निर्वाचित हुए राहुल गांधी ने आज लोकसभा की सदस्यता की शपथ ली है। राहुल ने निचले सदन की सदस्यता की शपथ अंग्रेजी में ली। कांग्रेस अध्यक्ष भोजनावकाश के बाद सदन में आये। सदन में सदस्यों को राज्यवार शपथ दिलाई जा रही है। 
राहुल गांधी को केरल से निर्वाचित हुए सदस्यों के साथ क्रमवार शपथ दिलायी गयी। राहुल गांधी अपने चिरपरिचित परिधान सफेद कुर्ता और पायजामा पहनकर सदन आये थे। वह सदन में अंग्रिम पंक्ति में अपनी मां एवं रायबरेली से पुन: निर्वाचित हुईं सोनिया गांधी के साथ बैठे हुए थे। 
शपथ लेने के लिए जब राहुल गांधी का नाम पुकारा गया तो सोनिया सहित कांग्रेस नेताओं एवं सदस्यों ने मेजें थपथपाकर उनका स्वागत किया। सोलहवीं लोकसभा में राहुल गांधी विपक्ष के लिए निर्धारित पहली पंक्ति में नहीं बैठकर दूसरी पंक्ति में बैठते थे। इससे पहले राहुल गांधी ने ट्वीट कर अपनी शपथ लेने की बात कही थी। 


राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि लोकसभा के सदस्य के रूप में मेरा लगातार चौथा कार्यकाल आज से शुरू हो रहा है।उन्होंने लिखा, केरल के वायनाड का प्रतिनिधित्व करते हुए, मैं आज दोपहर अपनी शपथ लेकर संसद में अपनी नई पारी की शुरुआत करता हूं, पुष्टि करता हूं कि मैं भारत के संविधान के प्रति सच्चा विश्वास और निष्ठा रखूंगा।

Desk Team