विमान हादसे में अजित पवार के निधन पर महाराष्ट्र के नेताओं ने जताया शोक, श्रद्धांजलि दी

Summary :

मुंबई, 28 जनवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में हुई निधन की खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। अलग-अलग जिलों और शहरों से नेताओं ने गहरा दुख जताया और इसे महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने कहा, “यह बेहद दर्दनाक और त्रासद घटना है। महाराष्ट्र ने एक तेज, मजबूत और सुनहरे दिल वाले नेता को खो दिया है। अजित पवार जैसे नेता का जाना न केवल राजनीतिक नुकसान है, बल्कि एक ऐसे व्यक्तित्व की कमी है, जिसने हमेशा लोगों के लिए काम किया।” मंत्री…

मुंबई, 28 जनवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में हुई निधन की खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। अलग-अलग जिलों और शहरों से नेताओं ने गहरा दुख जताया और इसे महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने कहा, “यह बेहद दर्दनाक और त्रासद घटना है। महाराष्ट्र ने एक तेज, मजबूत और सुनहरे दिल वाले नेता को खो दिया है। अजित पवार जैसे नेता का जाना न केवल राजनीतिक नुकसान है, बल्कि एक ऐसे व्यक्तित्व की कमी है, जिसने हमेशा लोगों के लिए काम किया।”

मंत्री उदय सामंत ने कहा, “आज का दिन बेहद दुखद है। राजनीति को दिशा देने वाले ‘अजित दादा’ अब हमारे बीच नहीं हैं। मैं उन्हें अपनी गहरी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”

मंत्री योगेश कदम ने कहा, “मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि आज दादा हमें छोड़कर चले गए। मैं वर्षों से राजनीति में हूं। उन्हें हमेशा अपना आदर्श मानता रहा हूं। मैंने उन्हें हमेशा लोगों की सेवा में सक्रिय देखा।”

भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने इस हादसे को पूरे राज्य के लिए गहरा आघात बताया। उन्होंने कहा, “आज अजित पवार की विमान हादसे में मौत बेहद दुखद घटना है। पूरे महाराष्ट्र में शोक का माहौल है। सरकार ने भी दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। वह एक बहुत सक्रिय और सक्षम प्रशासक थे। नियम-कानूनों का गहराई से अध्ययन करते थे और एक स्पष्ट और प्रभावशाली वक्ता थे।”

एनसीपी कार्यकर्ता बल्लाल साधु ने कहा, “आज महाराष्ट्र और देश के हमारे नेता अजित दादा हमें छोड़कर चले गए। मुझे अभी भी इस पर विश्वास नहीं हो रहा।”

पूर्व राज्य मंत्री सूर्यकांत पाटिल ने इसे राज्य के लिए बड़ा संकट बताया। उन्होंने कहा, “यह महाराष्ट्र के लिए बहुत बड़ी क्षति है। पहले ही नेतृत्व की कमी महसूस की जा रही है और ऐसे समय में अजित पवार का जाना बेहद दुखद और भयावह है। राजनीति किसी के लिए स्थायी नहीं होती। हमने इंदिरा गांधी और संजय गांधी जैसे बड़े नेताओं को भी खोया है, लेकिन अजित पवार का जाना इस समय बहुत पीड़ादायक है।”

एमएलसी अमरीश पटेल ने कहा, “अजित दादा महाराष्ट्र के उभरते और सम्मानित नेताओं में से एक थे। वह दूरदर्शी नेता थे, जो हमेशा सच बोलते थे और सीधे बोलते थे। महाराष्ट्र को बदलने की उनमें इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प था, जिसे उन्होंने अपने काम से साबित किया।”

एमएलसी विक्रम वसंतराव काले ने कहा, “यह हमारे पूरे राष्ट्रवादी परिवार के लिए बहुत दुखद और पीड़ादायक घटना है। हमारे नेता अब हमारे बीच नहीं हैं, और यह क्षति हमें गहरे दुख में डुबो गई है।”

शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा, “यह कल्पना से परे एक बहुत बड़ी त्रासदी है। अजित दादा पवार महाराष्ट्र की राजनीति का एक मजबूत स्तंभ थे। वह उपमुख्यमंत्री थे और एनसीपी के वरिष्ठ नेता भी थे। ग्रामीण महाराष्ट्र के लोगों के साथ उनका गहरा जुड़ाव था।”

भाजपा सांसद धनंजय महादिक ने बताया, “आज सुबह हमें खबर मिली कि विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार घायल हुए हैं। हम सभी भगवान से उनकी सलामती की प्रार्थना कर रहे थे। कुछ ही देर बाद खबर आई कि वह हमें छोड़कर चले गए। यह बेहद दुखद समाचार है। वह एक बड़े नेता, प्रभावशाली वक्ता और कुशल प्रशासक थे।”

विधायक राहुल आवाडे ने कहा, “महाराष्ट्र के अनुभवी नेता और उपमुख्यमंत्री अब हमारे साथ नहीं हैं। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारे उनके साथ पारिवारिक संबंध थे और हम उनके मार्गदर्शन से हमेशा लाभ लेते रहे।”

–आईएएनएस

वीकेयू/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.