पूर्वोत्तर में बाढ़ से 34 की मौत, अमित शाह ने दिया मदद का आश्वासन

Summary :

पूर्वोत्तर में भारी बारिश, शाह ने की राहत की घोषणा

पूर्वोत्तर भारत में बाढ़ की वजह से 34 लोगों की मौत हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के मुख्यमंत्रियों से बातचीत कर केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। बाढ़ ने 3.64 लाख से अधिक लोगों को प्रभावित किया है, जिसमें 19 जिलों के 764 गांवों की फसल भूमि भी शामिल है।

पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। इसके साथ ही छह राज्यों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम (हिमंत बिस्वा सरमा), अरुणाचल प्रदेश (पेमा खांडू) और सिक्किम (प्रेम सिंह तमांग) के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपाल (अजय कुमार भल्ला) से टेलीफोन पर बातचीत की और बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली। गृह मंत्री ने बाढ़ प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की मदद का भी आश्वासन दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में गृह मंत्री ने बताया, “असम, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपाल से उनके राज्यों में जारी भारी बारिश के मद्देनजर बात की। साथ ही उन्हें किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मोदी सरकार पूर्वोत्तर के लोगों के समर्थन में चट्टान की तरह खड़ी है। विभिन्न पूर्वोत्तर राज्यों के अधिकारियों के अनुसार, 29 मई से जारी बारिश और बाढ़ के दौरान हुई 34 मौतों में असम में कम से कम 10 लोग मारे गए, इसके बाद अरुणाचल प्रदेश में नौ, मेघालय और मिजोरम में छह-छह, त्रिपुरा में दो और नागालैंड में एक व्यक्ति की मौत हुई।

मई में बारिश ने मचाया कहर: 53 जिलों में भीषण बारिश

पूर्वोत्तर राज्यों के आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने बताया कि ये मौतें डूबने, भूस्खलन और जलभराव के कारण हुई हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की रिपोर्ट के अनुसार, 19 जिलों में बाढ़ और बारिश से 3.64 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि 19 जिलों के 764 गांवों में 3,524.38 हेक्टेयर से अधिक फसल भूमि प्रभावित हुई है। त्रिपुरा में 2,800 परिवारों के 10,600 से अधिक बाढ़ प्रभावित लोगों ने आठ जिलों में से चार – पश्चिमी त्रिपुरा, खोवाई, उनाकोटी और उत्तरी त्रिपुरा में 60 राहत शिविरों में शरण ली है।

मणिपुर में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ ने कहर बरपाया है। पिछले 48 घंटों में राज्य भर में बाढ़ और भूस्खलन के कारण 3,802 लोग प्रभावित हुए हैं और 883 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं।मेघालय में गुरुवार से लगातार हो रही बारिश और बाढ़ के कारण 86 गांवों के 1,300 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 37 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.