नए गृह राज्यमंत्री जी. किशन रेड्डी ने हैदराबाद को आतंकियों का पनाहगाह बताकर बखेड़ा खड़ा कर दिया। उनके इस विवादित बयान पर हैदराबाद से सांसद और ऑल इंडिया मजलिस-ए- इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कड़ी आपत्ति जताई है।
रेड्डी हैदाराबाद नगर के अंतर्गत आने वाले सिकंदराबाद संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि देश की किसी भी आतंकी घटना का तार हैदराबाद से जुड़ा होता है। इस बयान पर विवाद पैदा होने के बाद रेड्डी ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उन्होंने कोई गलत नहीं कहा।
पदभार ग्रहण करने के बाद रेड्डी ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘देश में ऐसी जगहें हैं, जहां आतंकी गतिविधियां बढ़ रही हैं। अगर बेंगलुरू या भोपाल में कोई घटना होती है तो उसका तार हैदराबाद से जुड़ा होता है। प्रदेश पुलिस और एनआईए ने हर दो-तीन महीने में हैदराबाद में आतंकियों को गिरफ्तार किया है।’
उनका बयान वायरल होने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस टिप्पणी के लिए उन्हें फटकार लगाई।
हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि उन्होंने असल में रेड्डी से क्या कहा।
ओवैसी ने मंत्री के बयान को गैर-जिम्मेदाराना बयान बताते हुए कहा, ‘मैं उनसे (रेड्डी) पूछना चाहता हूं कि पिछले पांच साल में एनआईए, आईबी और रॉ ने कितनी बार लिखित में कहा है कि हैदराबाद आतंकियों को पनाहगाह है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह ऐसी बात बोल रहे हैं।’
एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा कि पिछले पांच साल में हैदराबाद में पूरी शांति रही है और नगर कोई सांप्रदायिक घटना नहीं हुई है। सभी धार्मिक त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



