Aaj Ka Mausam 17 Nov: दिल्ली में फिर जहरीली हुई हवा, तमिलनाडु में 7 दिन बारिश का अलर्ट; पहाड़ों पर बढ़ी ठंड; जानें ताजा वेदर अपडेट

Summary :

देशभर में इस समय मौसम के कई रूप देखने को मिल रहे हैं, जिसमें बारिश, बर्फ़बारी और धुंध शामिल हैं। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान 'अकवान' मजबूत होकर दक्षिण भारत के मौसम को प्रभावित करने वाला है, जिससे तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी ओडिशा और तमिलनाडु में तूफानी मौसम और बारिश की आशंका है।

देशभर में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कहीं बारिश, कहीं बर्फ़बारी, तो कहीं धुंध की चादर छाई हुई है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ तेजी से ताकतवर हो रहा है, जिसके असर से दक्षिण भारत में मौसम बदलने वाला है। इसके चलते तटीय आंध्र प्रदेश, इससे सटे दक्षिणी ओडिशा तमिलनाडु में तूफानी मौसम रहेगा और बारिश भी हो सकती है। वहीं, पहाड़ी पर बर्फ़बारी की वजह से तापमान शून्य से भी नीचे खिसक गया है। बात करें राजधानी दिल्ली की, तो यहां प्रदूषण का कहर जारी है और हल्की-हल्की ठिठुरन अब महसूस होने लगी है। आइए जानते हैं, आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम का हाल।

दिल्ली में फिर बढ़ा AQI

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। 17 नवंबर को मौसम शुष्क रहने वाला है, हालांकि बारिश को लेकर अभी कोई संभावना नहीं है। दूसरी तरफ, दो दिन मिली राहत के बाद आज फिर से राजधानी की हवा जहरीली हो गई है। आज AQI फिर 300 पार पहुंच गया है।

दिल्ली का इलाका AQI (वायु गुणवत्ता सूचकांक)
AIIMS 358
कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 338
ITO 335
तालकटोरा गार्डन 326
बुराड़ी क्रॉसिंग 318
चांदनी चौक 316
NIH नरेला 313
नॉर्थ कैंपस 310

तमिलनाडु में अगले 7 दिन बारिश

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवातीय तूफान के असर से तमिलनाडु में अगले 7 दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 और 19 नवंबर को चेन्नई, तिरुवल्लुर और चेंगलपट्टू जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

हिमाचल में कैसा है मौसम?

हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, हालांकि दिन में हल्की धूप खिलने से ठंड से कुछ राहत मिली है। कुकुमसेरी, केलंग और कल्पा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। वहीं, हाल ही में हुई हल्की बर्फबारी के बाद बड़ी संख्या में लोग बर्फ का आनंद लेने के लिए सोलंगनाला, अटल टनल और रोहतांग की ओर जा रहे हैं।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।