देशभर में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है, जिससे कई राज्यों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने 26 जुलाई के लिए 12 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं पूर्वी भारत में बिजली गिरने का खतरा और कुछ राज्यों में ओलावृष्टि की संभावना है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
आने वाले सप्ताह में पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और निचले क्षेत्रों में जलभराव का खतरा भी बना हुआ है। इसके लिए किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। दिल्ली में हल्की-हल्की बौछारें मौसम को सुहावना बना रही हैं। आइए जानते हैं, आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम का हाल।
किन 12 राज्यों में होगी बारिश?
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज 26 जुलाई को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, गुजरात, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत 12 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में आज यानी 26 जुलाई को दिन भर आसमान में बादल छाए रहेंगे। शाम के समय कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के किन जिलों में होगी बारिश?
उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 जुलाई को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। आज जिन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है, उसमें अमेठी, बांदा, बाराबंकी, हरदोई, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, संत रविदास नगर (भदोही), सीतापुर और उन्नाव शामिल है।
गुजरात किन जिलों में है रेड अलर्ट?
गुजरात में मानसूनी बारिश जमकर बरस रही है। आज, 26 जुलाई को मौसम विभाग ने बनासकांठा, कच्छ, महेसाणा, पाटन, सुरेंद्रनगर और साबरकांठा जिलों रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है।
बंगाल में कैसा रहेगा मौसम?
पश्चिम बंगाल में भी मौसम सुहावना बना हुआ है। आंधी-बारिश की वजह से राज्य के लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है। मौसम विभाग ने 26 जुलाई को कोलकाता, कालिम्पोंग, कूचबिहार, बीरभूम, हुगली, मुर्शिदाबाद, पुरुलिया, नादिया और दक्षिण 24 परगना में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
आज आपके शहर में कितना रहेगा तापमान?
| शहर | अधिकतम तापमान (26 जुलाई) | न्यूनतम तापमान (26 जुलाई) |
|---|---|---|
| दिल्ली | 35°C | 28°C |
| जयपुर | 33°C | 27°C |
| चेन्नई | 35°C | 29°C |
| शिमला | 26°C | 21°C |
| पटना | 36°C | 29°C |
| भोपाल | 29°C | 24°C |
| मुंबई | 29°C | 27°C |
| नैनीताल | 26°C | 22°C |
| लखनऊ | 36°C | 28°C |
| कोलकाता | 32°C | 27°C |
| रांची | 31°C | 24°C |



Download Android App
Download iOS App




