देश के कई राज्यों में चक्रवात “अर्नब” से भारी तबाही मची हुई है। इस बीच, कई जगहों पर सर्दियां भी आ गई हैं। रात और सुबह के समय काफी ठंड महसूस हो रही है। राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुई बारिश के बाद न्यूनतम तापमान गिरकर लगभग 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे ठंड और ज्यादा महसूस होने लगी है। मौसम विभाग ने आज, शनिवार 31 अक्टूबर के लिए देश के कई राज्यों में खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। आइए देखते हैं कि आज देश के अलग-अलग शहरों में मौसम कैसा रहने की उम्मीद है।
राजधानी दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज, शनिवार (वीकेंड) को मौसम काफी अलग रहने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, पूरे दिन आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। हाल ही में दिल्ली में काफी बारिश हुई, जिसके चलते अक्टूबर के महीने में सबसे ठंडे दर्ज किए गए। वहीं, शुक्रवार को AQI 60 पर रहा, जो 10 अक्टूबर, 2022 के बाद से अक्टूबर के महीने में सबसे साफ़ हवा की श्रेणी को बताता है।
बिहार में ठंड बढ़ने के आसार
तूफ़ान अर्नब के कारण आज शनिवार को बिहार के 13 जिलों में मौसम खराब रहने के आसार हैं। इन जिलों में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश की उम्मीद है। इस दौरान बिजली गिरने की भी आशंका है। आज ज़्यादातर ज़िलों में हल्की ठंड रहेगी, और मौसम का यह मिज़ाज अगले कुछ दिनों तक बने रहने की उम्मीद है। कुछ दिनों में ठंड बढ़ सकती है। पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सारण, सीवान, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर समेत अन्य जिलों में आज मौसम खराब रह सकता है।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की माने तो आज शनिवार को उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से मौसम बदल गया है। राज्य के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 24°C और न्यूनतम तापमान 21°C के आसपास रहने की संभावना है। मेरठ, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और प्रयागराज समेत 50 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
इन राज्यों के लिए अलर्ट जारी
IMD ने 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, मणिपुर, त्रिपुरा और असम शामिल हैं। इस दौरान, अलग-अलग जगहों पर हल्की से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है।
अर्नब तूफ़ान से अब तक कितना नुकसान?
बता दें कि चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ से आंध्र प्रदेश और ओडिशा सहित कई राज्यों में भारी तबाही हुई है। ओडिशा के 3 जिलों में तूफ़ान से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। लगभग 62 हजार लोग फंसे होने की खबर है। NDRF की 54 टीमें 120 लोगों को एयरलिफ्ट कर चुकी हैं। वहीं, आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में चक्रवात के कारण हावड़ा-चेन्नई रेलवे ट्रैक पानी में डूब गया। जिससे आमजन को काफी परेशानी भी हुई है।


Download Android App
Download iOS App




