दुनिया में कोरोना प्रभावित देशों की लिस्ट में टॉप-2 पर पहुंचा भारत, 24 घंटे में 1 लाख 70 हजार केस की पुष्टि

Summary :

देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है और पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 92,922 बढ़कर 12 लाख के पार पहुंच गए है।

देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है और पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 92,922 बढ़कर 12 लाख के पार पहुंच गए है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार इस बीच देश में 1,68,912 नये मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 35 लाख 27 हजार 717 हो गयी है। वहीं इस दौरान 75,086 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसे मिलाकर अब तक 1,21,56,529 मरीज कोरोनामुक्त भी हो चुके हैं। 
सक्रिय मामले 92,922 बढ़कर 12,01,009 हो गये हैं। इसी अवधि में 904 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,70,179 हो गयी है। देश में रिकवरी दर आंशिक घटकर 89.86 फीसदी और सक्रिय मामलों की दर बढ़कर 8.88 प्रतिशत हो गया है जबकि मृत्युदर घटकर 1.26 फीसदी रह गयी है।
महाराष्ट्र कोरोना के सक्रिय मामलों में शीर्ष पर है और राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 28,937 बढ़कर 5,67,097 हो गयी है। इस दौरान राज्य में 34,008 और मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 2782161 पहुंच गयी है जबकि 349 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 57987 हो गया है।
देश में सबसे कम 1,35,926 उपचाराधीन मरीज 12 फरवरी को थे और सबसे अधिक 10,17,754 उपचाराधीन मरीज 18 सितंबर 2020 को थे, लेकिन अब उपचाराधीन मरीजों की संख्या इस आंकड़े से भी आगे निकल गई है। आंकड़ों के अनुसार, इस बीमारी से अब तक 1,21,56,529, लोग उबर चुके हैं जबकि मृत्यु दर 1.26 प्रतिशत है। भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख का आंकड़ा पार कर गए थे।
इसके बाद संक्रमण के मामले 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के पार चले गए थे। वैश्विक महामारी के मामले 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार कर गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के मुताबिक, 11 अप्रैल तक 25,78,06,986 नमूनों की जांच की जा चुकी है जिनमें से 11,80,136  नमूनों की जांच रविवार को की गई।

दुनियाभर में कोरोना केस का आंकड़ा 13.58 करोड़ से अधिक, मरने वालों का आंकड़ा 29.3 लाख के पार

Desk Team