कांग्रेस ने किसान आंदोलन को जन आंदोलन बताते हुए कहा है कि कृषि विरोधी तीनों कानूनों के कारण किसान आंदोलित हैं और विपक्ष पर किसानों को भड़काने का सरकार तथा भारतीय जनता पार्टी का आरोप निराधार है।
कांग्रेस के हरियाणा के प्रभारी विवेक बंसल तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने सोमवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हरियाणा के करनाल में रविवार को जो कुछ हुआ उसके लिए खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा भारतीय जनता पार्टी जिम्मेदार है।
करनाल में मुख्यमंत्री की सभा में की गई तोड़फोड़ के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराना गलत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के हित में अपना राजनीतिक संघर्ष कर रही है और किसानों की मांग का समर्थन कर रही है लेकिन किसान आंदोलन से उसका कोई लेना देना नहीं है।
किसानों का आंदोलन कृषि संबंधी तीन कानूनों को लेकर है और सरकार को किसानों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए इन तीनों कानूनों को वापस लेना चाहिए लेकिन वह किसानों की मांग पर विचार करने की बजाय उनको भड़काने और आंदोलन के लिए उकसाने के वास्ते कांग्रेस को जिम्मेदार ठहरा रही है।
श्री बंसल ने कहा कि श्री खट्टर को करनाल में कल हुई हिंसा के लिए खुद के गिरेबान में झांकना चाहिए और इस हिंसा की वजह खोजनी चाहिए। उनका कहना था कि इसके लिए विपक्ष और खासकर कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराना और इस पूरे कार्यक्रम की विफलता का ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ना गलत है। कांग्रेस आरंभ से ही इस कानून का विरोध करती रही है और इसके कारण उसके सांसदों को संसद से निलम्बित भी किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



