ग्वालियर : किसानों की आय को दोगुना करने के लिये शासन कटिबद्ध है। इसके लिये प्रदेश सरकार द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। ग्वालियर संभाग में किसानों की आय को दोगुना करने के लिये पड़त भूमि पर खेती को बढ़ावा देने का कार्य किया जाना चाहिए। इसके साथ ही खेती किसानी के लिये संचालित योजनाओं का लाभ किसानों को अधिक से अधिक मिले, ऐसे प्रयास किए जाएं। यह बात संभागीय आयुक्त श्री बी एम शर्मा ने मोतीमहल के मानसभागार में कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में कही। बैठक में संयुक्त आयुक्त श्री बी एल जाटव, प्रभारी संयुक्त संचालक कृषि आनंद बड़ोनिया सहित पशुपालन, मछली पालन, उद्यानिकी और कॉपरेटिव विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
संभागीय आयुक्त बी एम शर्मा ने कहा कि संभाग के सभी जिलों में शतप्रतिशत किसानों को सॉइल हैल्थ कार्ड उपलब्ध हों, यह सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ मिले और अधिक से अधिक किसान अपनी फसलों का प्रधानमंत्री बीमा योजना के तहत बीमा कराएं। इसके लिये किसानों को योजना की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए। संभागीय आयुक्त श्री शर्मा ने कृषि विभाग के अधिकारियों से कहा कि किसान वर्ष भर अपने खेत में कार्य कर उपज प्राप्त कर सके, इसके लिये उसे तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से किस प्रकार खेती की जा सकती है, उसकी जानकारी दी जाना चाहिए।
संभागीय आयुक्त बी एम शर्मा ने कहा कि किसानों की आय को दोगुना करने के लिये उन्हें खेती के साथ-साथ खेती से जुड़े अन्य व्यवसायों से भी जोड़ा जाना चाहिए। इसके लिये मैदानी अमला किसानों को पशुपालन, उद्यानिकी के साथ ही अन्य रोजगार योजनाओं के संबंध में भी जानकारी देकर उन्हें योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि किसानों को मछली पालन से भी जोड़ा जाना चाहिए। बैठक में कॉपरेटिव की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
श्री शर्मा ने यह भी निर्देश दिए हैं कि अमानक खाद-बीज किसानों तक न पहुँचे, यह सुनिश्चित किया जाए। इसके लिये विभाग निरंतर सेम्पलिंग का कार्य करे। निरीक्षण के दौरान अमानक खाद-बीज पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जाए।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



