Ahmedabad Plane Crash: जानें कौन है मेडिकल छात्र जीत सतानी, हादसे में बची जान

Summary :

विमान का एक हिस्सा बीजे मेडिकल कॉलेज की इमारत से टकराया

अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एक भयावह विमान दुर्घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद मेघानीनगर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई।विमान का एक हिस्सा बीजे मेडिकल कॉलेज की इमारत से टकराया, कॉलेज की इमारत में भोजन कर रहा एमबीबीएस छात्र जीत सतानी सुरक्षित बच गया।

गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एक भयावह विमान दुर्घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। लंदन के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद मेघानीनगर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई।विमान का एक हिस्सा बीजे मेडिकल कॉलेज की इमारत से टकराया, जिसमें कई छात्रों के हताहत होने की खबर है। हालांकि, कॉलेज की इमारत में भोजन कर रहा एमबीबीएस छात्र जीत सतानी सुरक्षित बच गया। उसके परिवार के लोग ईश्वर को धन्यवाद दे रहे हैं। नाना लिलिया प्राथमिक विद्यालय की प्रिंसिपल कैलाशबेन सतानी का बेटा जीत सतानी बीजे मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र है। कैलाशबेन ने बताया, “जब विमान दुर्घटना हुई, तब जीत खाना खा रहा था। अचानक एक जोरदार धमाका हुआ और चारों ओर धुआं फैल गया। सभी बच्चे घबरा गए, लेकिन मेरे बेटे ने हिम्मत दिखाई और सुरक्षित बाहर निकल आया।

मेडिकल छात्र जीत सतानी

मेरा बेटा पढ़ाई में मेहनती है और डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना चाहता है। इस हादसे ने हमें जीवन की नाजुकता का अहसास कराया।” उन्होंने भावुक होकर कहा, “मैं भगवान की आभारी हूं कि मेरे बेटे को कुछ नहीं हुआ। यह उसके लिए दूसरा जन्म है। हमें जैसे ही खबर मिली कि जीत सुरक्षित है, हमारी जान में जान आई। हम उन सभी आत्माओं के लिए प्रार्थना करते हैं जो इस हादसे में चल बसे।”

Ahmedabad Plane Crash में पूर्व CM विजय रूपाणी का निधन

जीत के सुरक्षित बचने की खबर सुनकर उनके परिवार और नाना लिलिया गांव के लोगों ने राहत की सांस ली। विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक सवार थे। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी सहित कई लोगों की जान चली गई। विमान यात्रियों में सिर्फ एक जिंदा बचा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.