NDA में AIADMK का स्वागत, तमिलनाडु की सेवा का संकल्प: PM मोदी

Summary :

AIADMK के NDA में शामिल होने पर PM मोदी ने जताई खुशी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अन्नाद्रमुक के एनडीए में शामिल होने पर खुशी जताई और तमिलनाडु की प्रगति के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार महान एमजीआर और जयललिता के सपनों को पूरा करेगी और राज्य की पूरी लगन से सेवा करेगी।

तमिलनाडु की सियासत में शुक्रवार को एक बड़ा बदलाव देखने को मिला। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस गठबंधन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में एनडीए के बैनर तले अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक), भाजपा और अन्य सहयोगी दल एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अन्नाद्रमुक के एनडीए में शामिल होने पर खुशी जताई। पीएम मोदी का कहना है कि हम एक ऐसी सरकार सुनिश्चित करेंगे जो महान एमजीआर और जयललिता के सपने को पूरा करे।

तमिलनाडु में BJP-AIADMK का गठबंधन, गृह मंत्री अमित शाह ने किया ऐलान

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया, “एक साथ मजबूत बनें, तमिलनाडु की प्रगति के लिए एकजुट हों! मुझे खुशी है कि अन्नाद्रमुक एनडीए परिवार में शामिल हो गई है। अपने अन्य एनडीए सहयोगियों के साथ मिलकर हम तमिलनाडु को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे और राज्य की पूरी लगन से सेवा करेंगे। हम एक ऐसी सरकार सुनिश्चित करेंगे जो महान एमजीआर और जयललिता के सपने को पूरा करे। उन्होंने आगे कहा, “तमिलनाडु की प्रगति और तमिल संस्कृति की विशिष्टता को बनाए रखने के लिए यह महत्वपूर्ण है कि भ्रष्ट और विभाजनकारी डीएमके (द्रमुक) को जल्द से जल्द हटाना जरूरी है, जो हमारा गठबंधन करेगा।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा था कि आज अन्नाद्रमुक और भाजपा के नेताओं ने मिलकर तय किया है कि आने वाला तमिलनाडु विधानसभा चुनाव अन्नाद्रमुक, भाजपा और सभी साथी दल मिलकर एनडीए के रूप में एक साथ लड़ेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ये चुनाव दो स्तरों पर लड़ा जाएगा, राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और राज्य स्तर पर अन्नाद्रमुक नेता एडप्पादी के पलानीस्वामी के नेतृत्व में।

एआईएडीएमके और भाजपा के पुराने रिश्तों का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा था, “अन्नाद्रमुक 1998 से एनडीए गठबंधन का हिस्सा रही है। महान जयललिता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लंबे समय तक राष्ट्रीय राजनीति में मिलकर कार्य किया है। यह गठबंधन सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि विश्वास और विकास का गठबंधन है। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले दिनों में जो चुनाव होने वाला है, उसमें एनडीए फिर से प्रचंड बहुमत हासिल करेगा और तमिलनाडु में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.