ईटानगर/दिल्ली : अरुणाचल प्रदेश में एएन-32 विमान के दुर्घटनास्थल पर फंसे बचाव टीम के 15 सदस्यों को वायुसेना ने शनिवार को विमान के जरिये सुरक्षित वहां से निकाल लिया। वायुसेना के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अरुणाचल प्रदेश में तीन जून को वायुसेना का एएन-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
शिलांग में वायुसेना के प्रवक्ता विंग कमांडर रत्नाकर सिंह ने बताया कि टीम में वायुसेना के आठ कर्मी, सेना के चार और तीन आम नागरिक थे। उन्होंने बताया कि इन सभी को एएलएच और एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टरों की मदद से दुर्घटनास्थल से निकाला गया।
उन्होंने बताया, ‘‘पश्चिम सियांग जिले में आलो भेजे गये ये सभी पूरी तरह से स्वस्थ हैं।’’
उन्होंने बताया कि खराब मौसम के चलते टीम को दुर्घटनास्थल से निकालने में देरी हुई। शनिवार को मौसम में थोड़ा सुधार देखकर इस ‘जोखिम भरे’ हेलीकॉप्टर अभियान को शुरू करने की मंजूरी दे दी गयी।
बचाव दल के सदस्य 12 हजार फुट की उंचाई पर सियांग और शी-योमी जिलों के सीमाई इलाकों में 17 दिन से फंसे थे। उन्हें दुर्घटना के शिकार हुए 13 लोगों के शवों और विमान का ब्लैक बॉक्स निकालने के लिये वायुमार्ग के जरिये दुर्घटनास्थल पर उतारा गया था।
सियांग जिले के परी पर्वतीय क्षेत्र में दुर्घटनास्थल से शवों को निकालने का काम 20 जून को पूरा हो गया था। असम के जोरहाट से तीन जून को उड़ान भरने के 33 मिनट बाद रूसी ए एन 32 विमान लापता हो गया था।


Download Android App
Download iOS App



