5 घंटे बंद रहने के बाद ठीक हुआ एयर इंडिया का सर्वर, सैकड़ों यात्री हुए परेशान

Summary :

एयर इंडिया के सीएमडी अश्वनी लोहानी ने कहा कि एयर इंडिया की यात्री सेवा प्रणाली, जिसे SITA द्वारा चलाया जाता है रखरखाव के लिए आज 3:30 से 4:30 तक रखा गया था।

इंडियन एयरलाइंस एयर इंडिया का सर्वर डाउन होने की वजह से कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं। इसके चलते हजारों यात्री हवाई अड्डों में फंसे रहे और उन्हें तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, अब सर्वर ठीक हो गया है, साथ ही यात्रियों का चेक इन भी शुरू हो गया है।

एयर इंडिया के सीएमडी अश्वनी लोहानी ने कहा कि एयर इंडिया की यात्री सेवा प्रणाली, जिसे SITA द्वारा चलाया जाता है रखरखाव के लिए आज 3:30 से 4:30 तक रखा गया था। लेकिन यह सुबह 8:45 बजे तक डाउन रही, जो अब ठीक किया गया है। उन्होंने कहा है कि व्यवस्था को बहाल कर दिया गया है और दिन के दौरान हम फ्लाइट्स की देरी को देखेंगे।

Air India CMD

इससे पहले एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा था कि ”एसआईटीए सर्वर डाउन है। इसके कारण विमान सेवाएं प्रभावित हुईं हैं। हमारी तकनीकी टीम काम पर लगी हैं और जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाएगी।” एसआईटीए एयर इंडिया के सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन का प्रबंधन करती है।बता दें कि एसआईटीए सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र की एक बड़ी कंपनी है जो एयरलाइन को आगमन, बोर्डिंग और सामान को ट्रैक करने की प्रौद्योगिकी मुहैया कराती है।

Air India

सूत्रों के अनुसार, शनिवार तड़के 3 बजे से सर्वर डाउन है जिसके कारण एयरलाइन दुनियाभर के हवाईअड्डों पर यात्रियों को बोर्डिंग पास जारी नहीं कर पा रही है। वही, कई यात्रियों ने हवाई अड्डों पर फंसे होने के बारे में सोशल मीडिया पर शिकायत की है। उनकी शिकायत है कि उन्हें एयर इंडिया के कर्मचारियों से संतोषजनक जवाब भी नहीं मिल रहा है।

Desk Team