नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। अगर आप नौकरी की तलाश में जुटे हैं तो आपके हाथ से एक सुनहरा मौका निकलने वाला है। दरअसल, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया) ने एडसिल (इंडिया) लिमिटेड के जरिए संविदा के आधार पर सीनियर कंसल्टेंट सहित विभिन्न 10 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती के लिए अलग-अलग आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए थे।
एएआई की ओर से जारी रिक्तियों में सीनियर कंसल्टेंट के 6 और कंसल्टेंट के 4 पद शामिल हैं। सीनियर कंसल्टेंट के 6 पदों में लॉ डायरेक्टरेट में सीनियर कंसल्टेंट (कॉर्पोरेट मुख्यालय – सीएचक्यू) के लिए 4; उत्तरी क्षेत्र, नई दिल्ली के लिए 1 और सीएपी के लिए निदेशालय, कॉर्पोरेट मुख्यालय, दिल्ली में 1 पद शामिल हैं। वहीं, कंसल्टेंट के 4 पदों में कंसल्टेंट (कंटेंट राइटर) का 1, कंसल्टेंट (ग्राफिक डिजाइनर) का 1, कंसल्टेंट (वीडियो एडिटर) का 1 और कंसल्टेंट (क्षेत्रीय मुख्यालय, उत्तरी क्षेत्र, दिल्ली) का 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 24 जुलाई के सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 6 अगस्त तय की गई है। ऐसे में नियुक्ति की इच्छा रखने वाले जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक अपना एप्लीकेशन फॉर्म नहीं भरा है, उन्हें फटाफट एएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से सीनियर कंसल्टेंट पोस्ट के लिए कानून में प्रोफेशनल डिग्री (ग्रेजुएशन के बाद 3 वर्ष का रेगुलर कोर्स या 12वीं के बाद 5 वर्ष का इंटीग्रेटेड रेगुलर कोर्स) होनी चाहिए और उम्मीदवार भारत की अदालतों में प्रैक्टिस करने के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया में एडवोकेट के तौर पर एनरोल होने के योग्य होने चाहिए, क्लिनिकल साइकोलॉजी में एमफिल और साथ में वैध आरसीआई लाइसेंस होना चाहिए।
कंसल्टेंट (कंटेंट राइटर) पद के लिए कैंडिडेट्स के पास मास कम्युनिकेशन, जर्नलिज्म/इंग्लिश लिटरेचर में बैचलर डिग्री या किसी भी स्ट्रीम में बैचलर डिग्री के साथ मास कम्युनिकेशन/जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री होनी चाहिए; कंसल्टेंट (ग्राफिक डिजाइनर) पद के लिए किसी भी स्ट्रीम में कम से कम बैचलर डिग्री के साथ मल्टीमीडिया/एनिमेशन, ग्राफिक डिजाइन, विजुअल कम्युनिकेशन, कम्युनिकेशन डिजाइन या संबंधित विषयों में एडवांस्ड डिप्लोमा/डिग्री होनी चाहिए।
कंसल्टेंट (वीडियो एडिटर) पोस्ट के लिए किसी भी स्ट्रीम में कम से कम बैचलर डिग्री और साथ ही फिल्म प्रोडक्शन/मीडिया स्टडीज़, मास कम्युनिकेशन/विजुअल आर्ट्स या एनिमेशन में डिप्लोमा/डिग्री होनी चाहिए; कंसल्टेंट (क्षेत्रीय मुख्यालय, उत्तरी क्षेत्र, दिल्ली) के लिए क्लिनिकल साइकोलॉजी में एमफिल और साथ में वैध आरसीआई लाइसेंस होना चाहिए। इसके अलावा, सभी पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 5 से 10 वर्षों का अनुभव होना जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 40 से 45 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता व अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, व्यक्तिगत साक्षात्कार और डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 1,20,000 से 1,50,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
–आईएएनएस
डीके/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



