नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। सरकारी अस्पताल में नौकरी करने के इच्छुक लोगों के लिए राव तुला राम मेमोरियल हॉस्पिटल (आरटीआरएमएच) ने अपने विभिन्न विभागों में सीनियर रेजिडेंट के कुल 27 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें अनारक्षित (यूआर) के 9, ओबीसी के 8, एससी के 5, एसटी के 2 और ईडब्ल्यूएस के 3 पद शामिल हैं।
आरटीआरएमएच ने जिन विभागों में सीनियर रेजिडेंट के कुल 27 पदों पर भर्ती निकाली है, उनमें एनेस्थीसिया के 3, मेडिसिन के 4, प्रसूति और स्त्री रोग के 7, ऑर्थोपेडिक के 4, बाल चिकित्सा के 5, सामान्य सर्जरी का 1, रेडियोलॉजी का 1, नेत्र विज्ञान का 1 और ईएनटी (कान, नाक और गला) का 1 पद शामिल है।
सीनियर रेजिडेंट के इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 7वें सीपीसी पे मैट्रिक्स लेवल 11 के तहत 67,700 रुपए प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
वॉक-इन इंटरव्यू 7 अगस्त को सुबह 11:30 बजे से ‘प्रशासनिक ब्लॉक का कॉन्फ्रेंस हॉल’ पते पर आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए अभ्यर्थियों का केंद्र पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 9:30 से 11 बजे के बीच तय किया गया है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे केंद्र पर समय से पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाएं।
इंटरव्यू में उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित स्ट्रीम में पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री (एमडी/डीएनबी/डिप्लोमा या समकक्ष), एमबीबीएस के साथ उसी स्पेशलिटी में कम से कम 2 वर्ष का अनुभव (सरकारी अस्पताल में एक वर्ष) होना चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू के तारीख के हिसाब से की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
–आईएएनएस
डीके/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



