मुंबई, 15 अगस्त (आईएएनएस)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के गायन को लेकर महाराष्ट्र के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि ‘जन-गण-मन’ के साथ आज ‘वंदे मातरम’ गीत गाया गया, जो ऐतिहासिक है।
महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “यह बहुत ही बड़ा क्षण है। ‘जन-गण-मन’ के साथ आज ‘वंदे मातरम’ गीत भी गाया है, जो ऐतिहासिक और हर भारतीय के मन को छूने वाला है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तहे दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं कि राष्ट्र को उन्होंने यह गौरवशाली क्षण दिया।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण में युवा, स्टार्टअप्स, तकनीक जैसे विषयों की चर्चा पर उन्होंने कहा, “सभी जानते हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। 2027 तक हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे और 2047 तक भारत पूर्ण विकसित राष्ट्र होगा।”
उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों में विकास करना आवश्यक है। इसके ऊपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरा ध्यान दे रहे हैं।
महाराष्ट्र विधान परिषद के चेयरमैन राम शिंदे ने कहा, “आज पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस बहुत जोश और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। आज महाराष्ट्र विधानमंडल भवन में भी एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ध्वजारोहण समारोह भी शामिल था। मैं महाराष्ट्र के लोगों तक यह संदेश पहुंचाना चाहता हूं कि हमारे पूर्वजों ने बहुत कड़ी मेहनत की और 1947 में एक स्वतंत्र भारत बनाने के लिए अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।”
मुंबई विधान भवन में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लोगों की मौजूदगी में विधान परिषद के सभापति रामशिंदे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान ‘वंदे मातरम’ का भी गायन किया गया।
वहीं, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आशीष शेलार ने कहा, “आज, मैं स्वतंत्रता दिवस पर सभी नागरिकों को दिल से शुभकामनाएं देना चाहता हूं। हम सभी जानते हैं कि हमें जो आजादी मिली है, वह बलिदान, समर्पण, क्रांतिकारियों, स्वतंत्रता सेनानियों और आम नागरिकों के पसीने और खून से मिली है।
उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों ने सपना है कि जब 2047 में स्वतंत्रता के 100 साल मनाएंगे, तो हमारा भारत ‘विकसित भारत’ बने। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आह्वान किया है कि ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास’ इस नारे के साथ हम सभी को इस सपने को पूरा करना है।
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



