एनसीपी ने जारी की उम्मीदवारों की सूची
एनसीपी (अजीत पवार गुट) ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को 38 उम्मीदवारों की सूची जारी की। इस सूची में येवला से छगन भुजबल, कागल से हसन मुश्रीफ को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं, अजीत पवार खुद बारामती सीट से चुनाव लड़ेंगे। कोपुरगव से आशुतोष काले, अकोले से किरण लहामटे, बसमत से चंद्रकांत उर्फ राजू नवघरे, चिपलूण से शेखर निकम और मावल से सुनील शेलके को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
एनसीपी में आए दो विधायकों को मिला टिकट
पार्टी नेआंबेगाव से दिलीप वलसे-पाटील, परली से धनंजय मुंडे, दिंडोरी से नरहरी झिरवाल को टिकट दिया गया है। अजीत पवार की गुट ने कांग्रेस से एनसीपी में आए दो विधायकों को भी टिकट दिया है। जिसमें इगतपुरी से हीरामन खोसकर और अमरावती शहर से सुलभा खोडके का नाम शामिल हैं।
कांग्रेस ने किया था निलंबित
कांग्रेस के जिन दो नेताओं को एनसीपी ने चुनावी मैदान में उतारा है, उन्हें कांग्रेस ने निलंबित कर दिया था। इससे स्पष्ट है कि महायुती गठबंधन ने सीटों का फॉर्मूला तैयार कर लिया है। बीजेपी ने प्रदेश की 153 से 156 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है, जबकि एनसीपी 53 से 55 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। वहीं, एकनाथ शिंदे की शिवसेना 78 से 80 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतार सकती है।
20 नवंबर को मतदान
बता दें कि चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है। प्रदेश की 288 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को मतदान होगा, जबकि नतीजों की घोषणा 23 नवंबर को होगी। विधानसभा चुनाव को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में सियासी हलचल तेज है। महायुती से लेकर महाविकास अघाड़ी तक जीत का दावा कर रहे हैं। दोनों गठबंधन एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप भी लगा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



