उज्जैन : शासकीय धन्वंतरि आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय द्वारा माधव नगर चिकित्सालय फ्रीगंज में आयुर्वेद एवं पंचकर्म की नवीन ओपीडी इकाई का शुभारम्भ किया गया। ओपीडी में पंचकर्म की विभिन्न विधाओं की यूनिट प्रारम्भ की गई हैं। नई ओपीडी खुलने से सभी पद्धतियों को एक ही छत के नीचे लाने का अनुकरणीय प्रयास शासन द्वारा किया गया है।
अब माधव नगर चिकित्सालय में पंचकर्म उपचार की सुविधा आमजन को मिल सकेगी। डॉ.नृपेन्द्र मिश्रा ने जानकारी दी कि पंचकर्म आयुर्वेद की उत्कृष्ट और वैज्ञानिक चिकित्सा पद्धति है। पंचकर्म चिकित्सा से शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थों को शरीर से बाहर निकाल कर वाक, पित्त और कफ इन त्रिदोषों को संतुलित किया जाता है।
रोगकारक तत्वों के शरीर से बाहर निकल जाने पर लम्बे समय से मौजूद व्याधियां अपने आप ठीक हो जाती हैं। पंचकर्म के अन्तर्गत शरीर को विश्राम अवस्था में रखकर कई औषधियों से डिप्रेशन, तनाव और अन्य शारीरिक एवं मानसिक रोगों का उपचार किया जाता है। माधव नगर चिकित्सालय में आयुर्वेद ओपीडी के शुरू होने से लोगों को भी पंचकर्म उपचार की सुविधा प्राप्त हो सकेगी।
आयुर्वेद ओपीडी में पंचकर्म की विभिन्न विधा अभ्यंग, शिरोवस्ति, सर्वांगस्वेद, जानुवस्ति, कटिवस्ति, ग्रीवावस्ति एवं नाडीस्वेद की यूनिट है। विधायक डॉ.मोहन यादव एवं अन्य अतिथियों द्वारा फीता काटकर नवीन ओपीडी का शुभारम्भ किया गया।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



