चंडीगढ़, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अपने सोशल मीडिया बायो में बदलाव किया है।
उन्होंने अपने बायो में ‘पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष’ लिखा है। इससे प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। बता दें कि इससे पहले गुरुवार को ही अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने प्रदेश अध्यक्ष पद में संभावित बदलाव के संकेत दिए थे। उन्होंने अपने इस्तीफे की खबरों पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और कहा कि ‘कुछ मुद्दे अंदरूनी हैं’।
जब उनसे पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की खबरों के बारे में पूछा गया तो वड़िंग ने पत्रकारों से कहा, “मैं अभी कुछ भी टिप्पणी नहीं करना चाहता। मैं आप सभी को बता दूंगा। कुछ मुद्दे अंदरूनी हैं।”
पार्टी अगले विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में अंदरूनी मतभेदों से जूझ रही है। पार्टी के अंदर कई धड़े हैं जो ज्यादा अहमियत चाहते हैं। अमरिंदर सिंह वड़िंग को भी पार्टी के कुछ हिस्सों से चुनावी प्रदर्शन और उनके नेतृत्व को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ा है।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर लगातार अटकलें लग रही हैं। कई नेताओं के नाम इस रेस में सामने आ रहे हैं। ऐसे में वड़िंग द्वारा सोशल मीडिया बायो बदलकर खुद को पूर्व अध्यक्ष बताना इस बात का बड़ा संकेत माना जा रहा है कि जल्द ही पंजाब कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिल सकता है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद में संभावित बदलाव को चुनाव से पहले संगठन को नए सिरे से तैयार करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



