हरिद्वार, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। बाबा रामदेव के ‘भारत में सभी मुसलमान कन्वर्टेड हैं’ वाले बयान पर संतों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। हरिद्वार में महामंडलेश्वर करौली शंकर महादेव ने बाबा रामदेव के बयान को सही बताते हुए कहा कि भारत में रहने वाले मुस्लिम समाज के पूर्वज हिंदू थे और बाद में परिस्थितियों के कारण धर्मांतरण हुआ। वहीं, भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने भी कहा कि भारत में मुस्लिम समाज के लोगों के पूर्वज हिंदू थे और समय के साथ धर्मांतरण हुआ।
महामंडलेश्वर करौली शंकर महादेव ने कहा कि बाबा रामदेव ने जो बात कही है, वह सत्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि असदुद्दीन ओवैसी जैसे कुछ मुस्लिम नेता अपने समुदाय को गुमराह करने का काम करते हैं। ऐसे नेताओं के पास विकास और सामाजिक हित से जुड़े मुद्दे नहीं हैं और वे केवल अपने राजनीतिक हितों पर ध्यान देते हैं। भारत और पाकिस्तान में रहने वाले मुस्लिम समाज के लोग मूल रूप से यहीं के हिंदू समाज से धर्मांतरित हुए हैं। ऐतिहासिक परिस्थितियों में लोगों को बहला-फुसलाकर, दबाव या भय के कारण धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया गया।
करौली शंकर महादेव ने कहा कि इसी वजह से वे मुस्लिम समाज से अपील करते हैं कि ऐसे लोगों से सावधान रहें, जो उन्हें उनके मुताबिक गुमराह करने का काम करते हैं। महामंडलेश्वर ने आगे कहा कि मुस्लिम समाज अब पहले की तुलना में अधिक शिक्षित और जागरूक हो रहा है और ऐसे नेताओं को समाज में स्वीकार्यता नहीं मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मुस्लिम समाज का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए करते हैं। सनातन का उद्देश्य सभी संतों का सम्मान, सामाजिकता, इंसानियत और मानवता को बढ़ावा देना है।
वहीं, इसी मुद्दे पर भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि भारत का मुस्लिम समाज मक्का, मदीना या अरब से आकर यहां नहीं बसा है। वे लंबे समय से यह बात कहते रहे हैं कि भारत में रहने वाले मुस्लिम समाज के लोग हिंदू समाज से धर्मांतरित हुए हैं। इतिहास में अलग-अलग परिस्थितियों में लोगों ने धर्म परिवर्तन किया। पहले लोगों के सामने तलवार, भय, आतंक या मृत्यु का डर जैसी परिस्थितियां रही होंगी, लेकिन आज ऐसी परिस्थितियां नहीं हैं। उन्होंने कहा कि समय के साथ लोगों को अपने पूर्वजों के बारे में समझ आएगा और घर वापसी की प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है।
–आईएएनएस
पीएसके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



