अमृतसर, 13 अगस्त (आईएएनएस)। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे और हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो प्रमुख क्रॉस-बॉर्डर नेटवर्क का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से सात अवैध पिस्तौल और 2 किलो 30 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हथियारों के मामले में गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। आरोप है कि ये आरोपी विदेश से अवैध हथियार हासिल कर उन्हें आगे अमृतसर और तरनतारन के इलाकों में सप्लाई करने की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस अब इन आरोपियों के विदेशी तस्करों के साथ कथित संबंधों की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तस्करी के इस रैकेट के तार सीमा पार तक जुड़े हुए हैं। इस पूरे मामले में अमृतसर के थाना इस्लामाबाद और थाना सुल्तानविंड में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं।
पुलिस जांच के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि इन नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि हथियार और नशे की खेप किन-किन माध्यमों से पंजाब तक पहुंचाई जा रही थी।
जांच एजेंसियां अब आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स को खंगाल रही हैं। इसका मतलब है कि हथियार और नशा किससे लिया जा रहा था और आगे किसे सप्लाई किया जाना था, इसकी पूरी चेन समझने की कोशिश हो रही है।
इसके साथ ही सीमा पार बैठे हैंडलर्स और स्थानीय स्तर पर उनके संपर्क में रहने वाले लोगों की पहचान करने के प्रयास भी जारी हैं।
पुलिस का कहना है कि आगे की जांच में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और सप्लाई चैन का भी खुलासा हो सकता है।
अमृतसर पुलिस ने कहा कि नशे और हथियारों की तस्करी को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा और कड़ी की गई है ताकि इस तरह के नेटवर्क पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



