नांदेड़, 13 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार सुबह हमला किया गया। महाराष्ट्र पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना गुरुद्वारे के अंदर हुई। हमले में सुखबीर सिंह बादल के हाथ में चोट लगी है और शरीर के कुछ अन्य हिस्सों में भी चोट लगने की प्राथमिक सूचना है। उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, हमला सुबह करीब 11 बजे नांदेड़ स्थित तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब परिसर में माता साहिब गुरुद्वारे के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक निहंग ने कृपाण से सुखबीर सिंह बादल पर हमला किया। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने हमलावर को पकड़ लिया और उसे हिरासत में ले लिया गया है।
हमले के दौरान सुखबीर सिंह बादल की विशेष सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे पर भी हमला किया गया, जिसमें वह घायल हो गए। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।
सुखबीर सिंह बादल पंजाब से महाराष्ट्र के नांदेड़ पहुंचे थे। हमले से पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब में परिवार के साथ माथा टेकने और सभी की भलाई के लिए अरदास करने की जानकारी शेयर की थी।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा था, “तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब में मैंने अपने परिवार के साथ सिर झुकाया और सभी की भलाई के लिए अरदास की। गुरु साहिब पूरी दुनिया पर अपनी दया का हाथ बनाए रखें।”
घटना के बाद नांदेड़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पूरे मामले की जांच की जा रही है। हमले में घायल सुखबीर सिंह बादल और सुरक्षा कर्मी की स्थिति को लेकर विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है।
–आईएएनएस
डीएससी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



