शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व CM सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में जानलेवा हमला हुआ है। इस हमले में एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी खबर है। यह हमला माता साहिब गुरुद्वारा के पास हुआ है। निहंग ने कृपाण से उनपर वार किया, जिसे उनके हाथ में चोट आई है। हमले के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिलहाल वह खतरे से बाहर हैं।
दाहिने हाथ में लगी चोट
पुलिस के अनुसार, यह हमला सुबह करीब 11 बजे नांदेड़ स्थित तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब परिसर में माता साहिब गुरुद्वारे के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक निहंग ने कृपाण से सुखबीर सिंह बादल पर हमला किया। इस दौरान उनके दाहिने हाथ में चोट आई है, जिसके बाद उन्हें एक प्राइवेट यशोसाई हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
#WATCH | नांदेड़, महाराष्ट्र। पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल को नांदेड़ गुरुद्वारे के अंदर एक निहंग के हमले के बाद अस्पताल ले जाया गया। उनके हाथ में चोट आई है। pic.twitter.com/m45PYYj095
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 13, 2026
हमले में पुलिसकर्मी भी घायल
सुखबीर सिंह बादल पर हमला करने वाले को मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ लिया और उसे हिरासत में ले लिया गया है। इस हमले में सुखबीर सिंह बादल की सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे पर भी हमला किया गया, जिसमें वह घायल हो गए।
2024 में भी हो चुका है हमला
सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले भी 4 दिसंबर, 2024 को हमला हो चुका है। यह हमला अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर हुआ था। इस दौरान उनकी हत्या की कोशिश की गई थी। उनके ऊपर एक बंदूकधारी ने गोली चलाई, लेकिन वो दीवार पर जाकर लगी। इस दौरान उन्हें कोई चोट नहीं आई ,हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को कब्जे में ले लिया था।



Download Android App
Download iOS App




