नई दिल्ली, 13 अगस्त (आईएएनएस)। संसद के मानसून सत्र में हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि एक नेता की जिद और अहंकार के कारण पूरे सत्र को तमाशा बना दिया गया और देश के करोड़ों रुपये बर्बाद हो गए।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि एक ‘मनमौजी’ और ‘अजीब’ नेता ने पूरे महीने को तमाशा बना दिया है। उन्होंने विपक्ष के प्रदर्शन में बंदरों को शामिल किए जाने का जिक्र करते हुए सवाल किया कि क्या राहुल गांधी के पास बंदरों की कोई टीम है और क्या वे सड़क पर करतब दिखाने वाले हैं।
गिरिराज सिंह ने इसे शर्मनाक बताते हुए कांग्रेस से सिर झुकाकर शर्म करने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की जिद के कारण संसद नहीं चल रही है और देश के करोड़ों रुपये बर्बाद हो रहे हैं।
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद किए गए कथित ‘शुद्धिकरण’ हवन पर भी गिरिराज सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि खड़गे वरिष्ठ और सम्मानित नेता हैं और वे उनका सम्मान करते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि लगाए गए आरोप को दूसरे नजरिए से भी देखा जाना चाहिए। यदि मैदान में गंदगी थी और उसकी सफाई की गई, तो उसे उसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए। इस बयान के जरिए उन्होंने कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे भेदभाव के आरोपों पर अलग दृष्टिकोण रखने की कोशिश की।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे विपक्ष ने सदन को न चलने देने को एक परंपरा बना लिया है। उनके मुताबिक, विपक्ष को लगता है कि यदि सदन नहीं चलेगा तो यह उसकी जीत होगी। चिराग ने कहा कि लोकतंत्र में इस तरह की सोच ठीक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी सांसद सदन को बाधित करने के बाद खुश होते हैं और धीरे-धीरे संसद में बैठकर काम करने की आदत खोते जा रहे हैं।
भाजपा सांसद अरुण गोविल ने विपक्ष पर पूरा सत्र बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने सदन की कार्यवाही को बेकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि विरोध के दौरान जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, उससे सभ्यता की सीमाएं पार हो रही हैं। गोविल के मुताबिक, विपक्ष को संसद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की जनता खुद समझ जाएगी कि इस तरह का व्यवहार करने वाले लोग किस प्रकार की राजनीति कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकसभा चर्चा का मंच है और चर्चा दोनों पक्षों को सुनकर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि बिना चर्चा और बिना एक-दूसरे को सुने सदन चलेगा तो उसका कोई अर्थ नहीं रह जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकसभा किसी एक व्यक्ति की इच्छा के अनुसार नहीं चल सकती। यह पूरे देश का मंच है और यहां सभी पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए।
–आईएएनएस
एसएके/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



