अमृतसर, 16 अगस्त (आईएएनएस)। भारत-पाकिस्तान सीमा के पास बहने वाली रावी नदी के किनारे अमृतसर ग्रामीण पुलिस को कामयाबी मिली है। थाना रमदास पुलिस ने सरकंडों में छिपाकर रखे गए नशीले पदार्थ और हथियारों की खेप बरामद की है।
मुखबिर की मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रावी नदी के पास सरकंडों वाले इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को पीले रंग के टेप से लिपटे तीन पैकेट मिले। जब पैकेट खोले गए तो उनमें से 1 किलो 310 ग्राम आइस ड्रग और तीन पिस्तौल बरामद हुईं।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नशीला पदार्थ और हथियार पड़ोसी देश पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन के जरिए भारतीय क्षेत्र में गिराए गए थे। सीमा पार से नशा और हथियार भेजने की यह कोशिश पुलिस की सतर्कता से नाकाम हो गई। हालांकि मामले की गहन जांच अभी जारी है।
पुलिस ने इस संबंध में थाना रमदास में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस खेप से जुड़े लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
सीमावर्ती क्षेत्र में नशे और हथियारों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस बरामदगी के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
सीमा पर इस तरह की बरामदगी से एक बार फिर साफ हो गया है कि ड्रोन के जरिए तस्करी की कोशिशें लगातार की जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि वह हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रख रही है और तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
–आईएएनएस
वीकेयू/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



