मोदी सरकार के तहत समावेशी, निष्पक्ष समाज का निर्माण किया जा रहा है: जयशंकर

Summary :

केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के तहत बेहद क्षमतावान ‘समावेशी और निष्पक्ष’ समाज का निर्माण किया जा रहा है।

केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के तहत बेहद क्षमतावान ‘समावेशी और निष्पक्ष’ समाज का निर्माण किया जा रहा है। 
उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के खिलाफ प्रतिक्रिया से साफ पता चलता है कि देश ने पिछले सात सालों में कैसी प्रगति की है। 
गोवा में अंतरराष्ट्रीय केंद्र द्वारा आयोजित ” डेवलपमेंट डायलाग द इंडिया वे ” के एक सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने यह बात कही। 
उन्होंने कहा ” मोदी सरकार को अब सात साल हो गए हैं। मैं क्रांतिकारी बदलाव के साथ अधिक क्षमताओं और मजबूती के साथ समावेशी, निष्पक्ष समाज को निर्मित होते हुए देख रहा हूं। ” 
जयशंकर ने कहा कि तथ्य यह है कि महामारी के दौरान जितने लोगों के खातों में सरकार द्वारा धन जमा किया गया उनकी संख्या अमेरिका की जनसंख्या से अधिक है और यह भारत की प्रगति की परिचायक है। 
उन्होंने कहा ” क्या आप 10 साल पहले स्वास्थ्य कवरेज के विचार के बारे में सोच सकते थे। आप आयुष्मान भारत को देखिये, आप डिजिटल संपर्क को देखिये। ” 
जयशंकर ने कहा कि एक उभरती हुई ताकत के तौर पर भारतियों को जानना चाहिए कि वे कौन हैं और उनकी विरासत और संस्कृति क्या है। 
मंत्री ने कहा कि आत्मनिर्मभर भारत केवल एक आर्थिक पारिभाषिक शब्द नहीं था, यह एक विचार प्रक्रिया भी थी। 

Shera Rajput