रविवार को पार्टी से अलग रुख अपनाते हुए कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की थी। अब अपने उस ही तारीफ वाले ट्वीट पर आनंद शर्मा ने सफाई भी दी है। उनका का कहना है कि उनके पहले ट्वीट में कुछ गलती के कारण लाइनें मिसप्लेस (गलत जगह) हो गई, जिसकी वजह से भ्रम पैदा हुआ।

कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने अब अपने ट्वीट में संशोधन किया है। नए ट्वीट में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कोरोना वैक्सीन की उपलब्धता के लिए प्रभावशाली तंत्र बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री का महज यह कदम कोविड योद्धाओं का मनोबल बढ़ाने और राष्ट्र को कोरोना वैक्सीन के लिए आश्वस्त करने के लिए काफी है। जबकि रविवार को किए अपने ट्वीट में आनंद शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की थी।

आनंद शर्मा ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सीरम इंस्टीट्यूट, भारत बायोटेक और जाइडस कैडिला की यात्रा भारतीय वैज्ञानिकों और कोविड-19 के लिए टीका तैयार करने के उनके काम की पहचान है। यह अग्रिम पंक्ति में कोविड योद्धाओं का मनोबल बढ़ाएगा और राष्ट्र को आश्वस्त करेगा। जबकि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के इस दौरे पर निशाना साधते हुए इसे फोटो सेशन करार दिया था।
बता दें कि आंनद शर्मा कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं में शामिल हैं। इससे पहले भी वह क्षेत्रीय समग्र आर्थिक साझेदारी (आरसीईपी) को लेकर पार्टी से अलग रुख अपना चुके हैं। वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद और कपिल सिब्बल राजनीतिक मुद्दों पर कांग्रेस को घेरते रहे हैं, जबकि आनंद शर्मा विभिन्न मुद्दों पर पार्टी को घेरते रहे हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि इस सफाई का बहुत ज्यादा मतलब नहीं निकालना चाहिए। घमासान अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



