अमरावती, 16 जुलाई (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, आंध्र प्रदेश ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एपीट्रानस्को) ने सीधी भर्ती अभियान के तहत असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (एईई) के विभिन्न 200 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों पर अप्लाई करने के लिए अब कुछ दिन ही शेष बाकी है। आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित गई है।
एपीट्रानस्को की ओर से जारी 200 रिक्तियों में असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) के 167, असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (सिविल) के 23 और असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (टेलीकॉम) के 10 पद शामिल हैं।
एईई के इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 30 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एपीट्रानस्को के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) पद के लिए इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में डिग्री या इसके बराबर मानी गई कोई अन्य योग्यता; असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (टेलीकॉम) पोस्ट के लिए टेलीकम्युनिकेशंस/इलेक्ट्रॉनिक्स/इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में डिग्री या इसके बराबर मानी गई कोई अन्य योग्यता; और असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (सिविल) पद के लिए सिविल इंजीनियरिंग में डिग्री या इसके बराबर मानी गई कोई अन्य योग्यता होनी चाहिए। इन सभी पोस्ट के निर्धारित पात्रता नोटिफिकेशन जारी होने की तारीख तक मान्य होनी चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 जुलाई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी), मेरिट सूची, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 2 वर्ष की प्रोबेशन के दौरान 75,000 रुपए और इसके बाद 86,245 से 2,08,915 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो 1,000 रुपए तय किया गया है। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि सीबीटी 22 से 29 अगस्त तक आयोजित होने की संभावना है।
–आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



