केंद्रीय खेल मंत्री किरन रिजिजू ने हॉलैंड के डेन बॉश में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले भारतीय तीरंदाजों को बुधवार को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें ओलंपिक की तैयारियों के लिए सरकार की तरफ से हरसंभव मदद दी जाएगी। खेल मंत्री ने यहां भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के मुख्यालय में तीरंदाजों से मुलाकात कर उनकी सफलता के लिए बधाई दी।
भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाजी टीम ने विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता और साथ ही टोक्यो ओलंपिक के लिए ओलंपिक कोटा भी हासिल किया जबकि महिला कंपाउंड टीम ने दो कांस्य पदक जीते। भारतीय तीरंदाज मंगलवार को स्वदेश लौटे थे और उन्हें भारतीय तीरंदाजी संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अर्जुन मुंडा और महासचिव वीरेंद्र सचदेवा ने बधाई दी थी। भारत का विश्व चैंपियनशिप में यह अबतक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

रिजिजू ने तीरंदाजों को बधाई देते हुए कहा, ‘‘सरकार इन खिलाड़ियों को सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। अन्य खेलों में भी जो खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेंगे और जिनमें ओलंपिक पदक जीतने की संभावना होगी उन्हें भी सुविधाएं दी जाएंगी।’’
साथ ही उन्होंने कहा, ‘‘खिलाड़ियों को कोचिंग और तकनीकी सुविधाओं में जिस चीज की जरुरत होगी वह उन्हें उपलब्ध करायी जाएगी। मुझे खुशी है कि पुरुष टीम ओलंपिक कोटा हासिल कर चुकी है और महिला टीम भी आत्मविश्वास से भरी दिखाई दे रही है।
भारत तीरंदाजी में प्रारंपरिक रुप से मजबूत रहा है और इस बार हम अपने तीरंदाजों से पदक की उम्मीद कर सकते हैं।’’ साई सभी ट्रेनिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ टीम के लिए मेंटल ट्रेनर की सुविधा भी उपलब्ध कराएगा ताकि ओलंपिक तैयारी में उन्हें अपना ध्यान केंद्रित करने में मदद मिले। अतानु दास, तरुणदीप राय और प्रवीण जाधव की 11वीं सीड रिकर्व पुरुष टीम ने रजत पदक जीता था।
भारतीय टीम ने इस दौरान क्वार्टरफाइनल में जगह बनाने के साथ ही टोक्यो ओलंपिक के लिए कोटा भी हासिल कर लिया था। भारतीय महिला कंपाउंड टीम में वी ज्योति सुरेखा, मुस्कान किरार और राज कौर शामिल थीं जिन्होंने कंपाउंड टीम वर्ग में कांस्य पदक और वी ज्योति सुरेखा ने व्यक्तिगत वर्ग में कांस्य पदक जीता था।


Download Android App
Download iOS App



