नई दिल्ली : केरल में त्रिशूर पुलिस ने एक ऐसे पुजारी को गिरफ्तार किया है जिसने शराब के नशे में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को जान से मारने की धमकी दे दी। त्रिशूर के एक मंदिर के पुजारी जयारमन ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर कहा कि राष्ट्रपति की हत्या कर दी जाएगी। इस धमकी के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई फोन को ट्रेस किया। इसके बाद जयारमन को हिरासत में ले लिया गया।
त्रिशूर के एसपी ने कहा कि आरोपी जयारमन ने यह सब शराब के नशे में कहा। सुबह जब उसका नशा उतरा तो उसे कुछ भी याद नहीं रहा। हालांकि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद कल त्रिशूर के गुरुवायूर मंदिर आ रहे हैं। इसे देखते हुए आरोपी पुजारी को हिरासत में ही रखा गया है। राष्ट्रपति के वापस जाने के बाद उसे छोड़ा जाएगा।
आपको बता दें कि पिछले दिनों ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर ‘‘रासायनिक हमले’’ की धमकी देने और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के नियंत्रण कक्ष में फोन करने के आरोप में भी पुलिस ने मुंबई से 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करने वाले काशीनाथ मंडल को डी बी मार्ग पुलिस ने 27 जुलाई को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने बताया कि उसने नई दिल्ली स्थित एनएसजी नियंत्रण कक्ष का फोन नंबर हासिल किया और शुक्रवार को वहां फोन करके प्रधानमंत्री पर ‘‘रासायनिक हमले’’ की धमकी दी। एनएसजी ने जिस नंबर से धमकी भरा फोन किया गया था उसे मुंबई में ट्रेस करने के बाद इसकी सूचना यहां की पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने झारखंड निवासी मंडल का पता लगाया और मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन से उसे उस समय गिरफ्तार किया जब वह सूरत जाने वाली एक ट्रेन में चढ़ने वाला था। वहीं कुछ दिनों पहले भी पीएम की हत्या की साजिश का खुलासा हुआ था।


Download Android App
Download iOS App



