नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए कृषि वैज्ञानिक भर्ती बोर्ड (एएसआरबी) ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के संस्थानों में तकनीकी सहायक (टी-3) और आईसीएआर के कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) में वरिष्ठ तकनीकी सहायक (टी-4) के कुल 1,393 पदों पर भर्ती के लिए एक केंद्रीकृत संयुक्त परीक्षा-2026 आयोजित करेगा, जिसके लिए उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं।
एएसआरबी की ओर से जारी कुल 1,393 रिक्तियों में आईसीएआर संस्थानों के लिए टेक्निकल असिस्टेंट (टी-3) के 1,254 और आईसीएआर के केवीके के लिए सीनियर टेक्निकल असिस्टेंट (टी-4) के 139 पद शामिल हैं।
आईसीएआर संस्थानों के लिए टेक्निकल असिस्टेंट (टी-3) पोस्ट के लिए जारी 1,254 रिक्तियों में फील्ड फार्म तकनीशियन (कृषि) के 476 प्रयोगशाला तकनीशियन (कृषि) के 223, फील्ड फार्म तकनीशियन (पशु विज्ञान) के 50, प्रयोगशाला तकनीशियन (पशु विज्ञान) के 65, फील्ड फार्म तकनीशियन (मत्स्य विज्ञान) के 57, प्रयोगशाला तकनीशियन (मत्स्य विज्ञान) के 33, फील्ड फार्म तकनीशियन (गृह विज्ञान/सामुदायिक विज्ञान) के 2, प्रयोगशाला तकनीशियन (गृह विज्ञान/सामुदायिक विज्ञान) के 3, वर्कशॉप स्टाफ (सिविल इंजीनियरिंग) के 51, वर्कशॉप स्टाफ (कृषि इंजीनियरिंग) के 42, वर्कशॉप स्टाफ (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) के 35, वर्कशॉप स्टाफ (इलेक्ट्रॉनिक्स और इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग) के 25, पुस्तकालय/सूचना विज्ञान/प्रलेखन स्टाफ के 59 और सूचना प्रौद्योगिकी के 133 पद शामिल हैं।
आईसीएआर के केवीके के लिए सीनियर टेक्निकल असिस्टेंट (टी-4) पोस्ट के लिए जारी 139 रिक्तियों में फील्ड फार्म तकनीशियन (कृषि) के 47, प्रयोगशाला तकनीशियन (कृषि) के 26, फील्ड फार्म तकनीशियन (पशु विज्ञान) का 1, प्रयोगशाला तकनीशियन (पशु विज्ञान) के 8, फील्ड फार्म तकनीशियन (गृह विज्ञान/सामुदायिक विज्ञान) का 1, प्रयोगशाला तकनीशियन (गृह विज्ञान/सामुदायिक विज्ञान) का 1, प्रयोगशाला तकनीशियन (मत्स्य विज्ञान) के 7 और सूचना प्रौद्योगिकी के 48 पद शामिल हैं।
इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 18 नवंबर से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 17 दिसंबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार एएसआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पदों के लिए आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। वहीं, जिन अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र भरते समय कुछ गलती हो जाएगी, उनके लिए आवेदन पत्र में सुधार का विंडो ऑनलाइन शुल्क भुगतान सहित 18 दिसंबर से 20 दिसंबर तक सक्रिय रहेगा।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से फील्ड फार्म टेक्नीशियन और प्रयोगशाला टेक्नीशियन (कृषि) के लिए कृषि/बागवानी/कृषि इंजीनियरिंग/कृषि-वानिकी/खाद्य विज्ञान/जैव प्रौद्योगिकी/पर्यावरण विज्ञान/गृह विज्ञान/सामुदायिक विज्ञान/प्राकृतिक खेती में ग्रेजुएशन की डिग्री; फील्ड फार्म टेक्नीशियन और प्रयोगशाला टेक्नीशियन (सामाजिक विज्ञान – गृह विज्ञान/सामुदायिक विज्ञान) के लिए गृह विज्ञान/सामुदायिक विज्ञान में ग्रेजुएशन की डिग्री; फील्ड फार्म टेक्नीशियन और प्रयोगशाला टेक्नीशियन (पशु विज्ञान) के लिए बीवीएससी और एएच (पशु चिकित्सा विज्ञान और पशुपालन में ग्रेजुएशन); फील्ड फार्म टेक्नीशियन और प्रयोगशाला टेक्नीशियन (मत्स्य विज्ञान) के लिए बीएफएससी (मत्स्य विज्ञान में ग्रेजुएशन); वर्कशॉप स्टाफ (सिविल इंजीनियरिंग) के लिए सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक/बीई या तीन वर्ष का डिप्लोमा; वर्कशॉप स्टाफ (कृषि इंजीनियरिंग) के लिए कृषि इंजीनियरिंग/मैकेनिकल इंजीनियरिंग/टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी/फाइबर प्रोसेसिंग इंजीनियरिंग में बीटेक/बीई या तीन वर्ष का डिप्लोमा; वर्कशॉप स्टाफ (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) के लिए इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक/बीई या तीन वर्ष का डिप्लोमा; वर्कशॉप स्टाफ (इलेक्ट्रॉनिक्स और इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग) के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रॉनिक्स और इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग में बीटेक/बीई या तीन वर्ष का डिप्लोमा; लाइब्रेरी/सूचना विज्ञान/डॉक्यूमेंटेशन स्टाफ के लिए लाइब्रेरी साइंस/लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस में ग्रेजुएशन की डिग्री; और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) के लिए कंप्यूटर एप्लीकेशन/कंप्यूटर साइंस/आईटी में ग्रेजुएशन की डिग्री या आईटी/सीएस/ईसीई (इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग) में बीटेक/बीई होनी चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि यानी 17 दिसंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो अनारक्षित (यूआर) के लिए 600 रुपए और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस)/अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 300 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति (एससी)/अनुसूचित जनजाति (एसटी)/बेंचमार्क दिव्यांगता वाले व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी)/महिलाएं/ट्रांसजेंडर/पूर्व सैनिक को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन केंद्रीकृत संयुक्त प्रारंभिक (वस्तुनिष्ठ प्रकार) – कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), मेरिट-आधारित सीबीटी मोड में मुख्य परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार), आईसीएआर द्वारा पात्रता और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी टेक्निकल असिस्टेंट (टी-3) के लिए 29,200 से 92,300 रुपए के बीच और सीनियर टेक्निकल असिस्टेंट (टी-4) के लिए 35,400 से 1,12,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
उम्मीदवारों को भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए एएसआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित रिक्तियों के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
–आईएएनएस
डीके/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



