असम : कार में EVM मिलने पर बवाल, प्रियंका गांधी ने BJP और चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

Summary :

असम के करीमगंज जिले के रत्नारी विधानसभा क्षेत्र में मिली लावारिस ईवीएम पर चुनाव आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। ईवीएम मिलने से राजनीतिक तनाव बढ़ गया है।

असम में कल हुए दूसरे चरण के मतदान के बाद एक कार में ईवीएम बरामद हुई। करीमगंज जिले के रत्नारी विधानसभा क्षेत्र में मिली लावारिस ईवीएम पर चुनाव आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। ईवीएम मिलने से राजनीतिक तनाव बढ़ गया है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने ईवीएम मैनेजमेंट पर सवाल उठाते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, हर बार चुनाव के दौरान ईवीएम को निजी वाहनों में ले जाते हुए पकड़े जाने पर कई चीजें एक होती हैं, पहला गाड़ी आमतौर पर भाजपा उम्मीदवारों या उनके सहयोगियों के होते हैं।
एक नए ट्वीट में उन्होंने लिखा, इस तरह के वीडियो को एक घटना के रूप में लिया जाता है और बाद में खारिज कर दिया जाता है। बीजेपी अपने मीडिया तंत्र का इस्तेमाल उन लोगों पर आरोप लगाने के लिए करती है जिन्होंने ईवीएम को निजी गाड़ियों में ले जाने के वीडियो को उजागर किया होता है।


कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘तथ्य यह है कि इस तरह की कई घटनाओं की सूचना दी जा रही है और उनके बारे में कुछ भी नहीं किया जा रहा है। चुनाव आयोग को इन शिकायतों पर निर्णायक रूप से कार्रवाई शुरू करने और सभी राष्ट्रीय दलों द्वारा ईवीएम पर पुनर्मूल्यांकन शुरू करने की आवश्यकता है।

करीमगंज जिले के कनिसैल कस्बे में एक बोलेरो गाड़ी में ईवीएम मशीन मिली। शुरुआती जांच में पता चला है कि वो बोलेरो गाड़ी पाथरकांडी निर्वाचन क्षेत्र के बीजेपी उम्मीदवार कृष्णेंदु पाल की है। जब चुनाव आयोग के अधिकारी वहां पहुंचे तो उन्हें न कोई मतदान अधिकारी या चुनाव आयोग का कर्मचारी मिला और ना कोई दावेदार आया।
वहीं मीडिया रिपॉर्ट के मुताबिक, करीमगंज जिले की रत्नारी विधानसभा सीट पर वोटिंग के बाद जब पोलिंग टीम ईवीएम लेकर जा रही थी तो कार खराब हो गई। पोलिंग टीम स्ट्रॉन्ग रूम की ओर जा रही थी। कार खराब होने पर टीम की ओर से चुनाव आयोग से दूसरी गाड़ी की मांग की गई। पोलिंग अफसरों की ओर से दूसरी गाड़ी की व्यवस्था की बात कही गई थी, लेकिन तब तक उन्होंने बीजेपी नेता से जुड़ी एक कार से लिफ्ट ले ली थी।

Desk Team