अयोध्या, 21 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है, जो 31 मई तक चलेगी। इससे पहले आईपीएल से जुड़े खिलाड़ियों और प्रबंधन ने शनिवार को अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भगवान श्रीराम के दर्शन-पूजन किए।
इस दौरान विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत कुछ देर अलग बैठकर ध्यानमग्न भी नजर आए। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की एक टीम शनिवार को अयोध्या पहुंची, जहां खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। मंदिर स्थापना के बाद पहली बार श्रीराम यंत्र के दर्शन का अवसर मिलने पर खिलाड़ियों ने खुद को सौभाग्यशाली बताया।
दर्शन के दौरान टीम के प्रमुख चेहरों में ऋषभ पंत, तेज गेंदबाज मयंक यादव, कोच राजकुमार शर्मा, और फ्रेंचाइजी मालिक संजीव गोयनका शामिल रहे। सभी ने श्रद्धापूर्वक श्रीरामलला और श्रीराम परिवार के दर्शन किए तथा मंदिर परिसर में आयोजित भोग आरती में भी भाग लिया। इस दौरान ऋषभ पंत का एक अलग ही रूप देखने को मिला।
वह लगभग पांच मिनट तक मंदिर परिसर में अलग बैठकर ध्यानमग्न रहे, जिसने वहां मौजूद श्रद्धालुओं और प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। उनके इस आध्यात्मिक भाव ने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। दर्शन सहयोगी रजनीश शर्मा के अनुसार, करीब 20 खिलाड़ियों के दल ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजन किया।
उन्होंने बताया कि मंदिर प्रशासन की ओर से खिलाड़ियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे दर्शन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी गोपाल और रामशंकर भी मौजूद रहे और उन्होंने टीम का मार्गदर्शन किया।
टीम लखनऊ से अयोध्या पहुंची थी और दर्शन-पूजन के बाद वापस इकाना स्टेडियम के लिए रवाना हो गई, जहां आगामी मुकाबलों की तैयारियां जारी हैं। खिलाड़ियों के इस आध्यात्मिक दौरे को स्थानीय लोगों ने सराहा और इसे खेल व आस्था के संगम के रूप में देखा।
–आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



