2014 से पहले इलाज के खर्च से डरते थे गरीब: PM MODI

Summary :

जन औषधि केंद्रों से सस्ती दवा उपलब्ध: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बागेश्वर धाम में कहा, देश में गरीब जितना बीमारी से नहीं डरता था, उससे ज्यादा डर उसे इलाज के खर्च से लगता था। इसलिए, मैंने संकल्प लिया है कि मैं इलाज का खर्च कम करूंगा और आपकी जेब में ज्यादा से ज्यादा पैसे बचाऊंगा।

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में हमारी सरकार आने से पहले हालात यह था कि, देश में गरीब जितना बीमारी से नहीं डरता था, उससे ज्यादा डर उसे इलाज के खर्च से लगता था। अगर परिवार में कोई एक व्यक्ति भी गंभीर बीमारी का शिकार हो जाए, तो पूरा परिवार संकट में आ जाता था। मैं भी आप सबकी तरह गरीब परिवार से निकला हूं। मैंने भी इन तकलीफों को देखा है, इसीलिए मैंने संकल्प लिया है। मैं इलाज का खर्च कम करूंगा, और आपकी जेब में ज्यादा से ज्यादा पैसा बचाऊंगा

मैंने हर गरीब के मुफ्त इलाज की व्यवस्था कर दी है। पांच लाख तक का इलाज बिना किसी खर्च के! किसी बेटे को अपने मां-बाप के इलाज के लिए 500000 रुपये तक खर्च नहीं करना पड़ेगा। यह दिल्ली में आपका जो बेटा बैठा है, वह काम वो करेगा। लेकिन इसके लिए आपको आयुष्मान कार्ड बनवाना है।

मुझे आशा है कि यहां बहुत सारे लोग होंगे, जिनका आयुष्मान कार्ड जरूर बना होगा, जिनका नहीं बना है, वो भी जल्दी से जल्दी इसे बनवा लें और मैं मुख्यमंत्री को भी कहूंगा, कि इस काम को इस क्षेत्र में अगर कोई छूट गए हो, तो तेजी से इसको आगे बढ़ाया जाए। एक और बात आपको याद रखनी है। अब गरीब, अमीर, मध्यम वर्ग, कोई भी परिवार हो, परिवार में 70 साल से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों के लिए भी मुफ्त इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड बन रहे हैं। ये कार्ड भी ऑनलाइन ही बन जाएंगे। इसके लिए कहीं किसी को कोई पैसा देना नहीं है और अगर कोई पैसे मांगता है, तो सीधे मुझे चिट्ठी लिखना है, बाकि काम मैं कर लूंगा।

मैं इन संत-महात्माओं को भी कहता हूं कि आप भी जरा आयुष्मान कार्ड का प्रबंध कर लीजिए, ताकि आपको कभी बीमारी में मुझे सेवा करने का मौका मिले।

पीएम ने कहा, डॉक्टर की लिखी दवा घर पर ही खानी पड़ती है। ऐसे में मेडिकल स्टोर से सस्ती दवा मिले, मैंने इसका भी इंतजाम किया है। इस खर्च को कम करने के लिए देश में 14000 से ज्यादा जन औषधि केंद्र खोले गए हैं और ये जन औषधि केंद्र ऐसे हैं, जो दवा बाजार में 100 रुपये में मिलती है, जन औषधि‍ केंद्रों में वही दवाई सिर्फ 15-20, 25 रुपये में मिल जाती है। अब आपका पैसा बचेगा कि नहीं? तो आपको जन औषधि केंद्र से दवा लेनी चाहिए।

पीएम ने आगे कहा क‍ि दूसरी एक बात मैं करना चाहता हूं, आजकल बहुत बार खबरें आती हैं, गांव-गांव किडनी की भी बीमारी काफी फैल रही है। किडनी की बीमारी जब बढ़ जाती है, तो लगातार डायलिसिस करानी पड़ती है, दूर दूर जाना पड़ता है, खर्च बहुत लगता है। आपकी यह मुसीबत कम हो, इसलिए हमने देश के 700 से ज्यादा जिलों में डेढ़ हजार से ज्यादा डायलिसिस सेंटर खोलें हैं। यहां मुफ्त डायलिसिस की सुविधा भी उपलब्ध है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.